Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश, तीन सदस्य गिरफ्तार; 1.5 करोड़ के महंगे मोबाइल बरामद

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 11:11 AM (GMT+05:30)

    द्वारका पुलिस ने पार्सल डिलीवरी ट्रकों से महंगे मोबाइल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेह ...और पढ़ें

    पुलिस ने 1.5 करोड़ के मोबाइल बरामद किए।

    पुलिस ने 1.5 करोड़ के मोबाइल बरामद किए।

    HighLights

    1. द्वारका पुलिस ने अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया।

    2. आरोपियों से 1.5 करोड़ रुपये के 604 मोबाइल फोन बरामद।

    3. ट्रकों से कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर बेचते थे।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली में पार्सल डिलीवरी के दौरान बीच रास्ते में ही ट्रकों से कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान उड़ाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

    पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर 1.5 करोड़ रुपये कीमत के 604 ब्रांड न्यू विवो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये आरोपी अमेजन के लिए जा रहे एक बड़े कंसाइनमेंट से इन मोबाइलों को चुराकर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर ले गए थे, जहां इन्हें एक बाग में छिपाकर रखा गया था।

    द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशाल पाल सिंह ने बताया कि यह कामयाबी एसीपी किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और सेक्टर-23 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर के नेतृत्व वाली टीम को मिली है।

    ट्रकों को बनाते थे निशाना

    पुलिस जांच में इस गिरोह के काम करने के शातिर तरीके का पता चला है। ये आरोपित आदतन अपराधी हैं जो विशेष रूप से उन ट्रकों को निशाना बनाते थे, जिनमें हाई-वैल्यू इलेक्ट्रॉनिक कंसाइनमेंट ट्रांसपोर्ट किया जाता है। ये परिवहन के दौरान ट्रक ड्राइवरों से साठगांठ करते थे और फिर रास्ते में किसी सुनसान जगह पर ट्रक रोककर उसमें से कीमती मोबाइल निकालकर अपने पिकअप वाहन में शिफ्ट कर लेते थे।

    इसके बाद बाकी बचे सामान के साथ ट्रक को किसी अन्य जगह पर लावारिस छोड़कर फरार हो जाते थे और बाद में अपने सहयोगियों के नेटवर्क के माध्यम से इन चोरी के सामानों को बाजार में खपा देते थे।

    आरोपितों की हुई पहचान

    वहीं, पकड़े गए आरोपितों की पहचान पंकज उर्फ धीरेंद्र, आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित उर्फ पुंडीर के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ पहले भी विभिन्न राज्यों में इसी तरह की चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

    इस मामले की शुरुआत 20 जून 2026 को हुई थी, जब वेयरहाउस मैनेजर रवि ने द्वारका सेक्टर-23 थाने में मोबाइल चोरी के संबंध में बीएनएस की धाराओं के तहत ई-एफआईआर दर्ज कराई थी।

    शिकायत में बताया गया था कि वेयरहाउस से लगभग 4,500 नए विवो मोबाइल फोन एक ट्रक में लोड करके अमेजन, गुरुग्राम भेजे जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ड्राइवर ने साथियों के साथ मिलकर करीब 1,500 मोबाइल पार कर दिए और ट्रक को लावारिस छोड़ दिया।

    खबरें और भी

    200 कैमरों की फुटेज खंगाली

    इस मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने संदिग्ध रूट पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे उस पिकअप वैन का सुराग मिला जिसमें चोरी के मोबाइल ले जाए गए थे। इसके बाद पता चला कि उत्तर प्रदेश के नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने इसी वाहन के साथ तीनों आरोपितों को पकड़ा हुआ है।

    यह भी पढ़ें- असलहा और कारतूसों की तस्करी में अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ ने कसा शिकंजा

    द्वारका पुलिस ने तुरंत प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया और कड़ी पूछताछ के बाद बुलंदशहर के भिघेपुर गांव के एक बाग में छापा मारकर 604 मोबाइल बरामद कर लिए। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और बाकी बचे मोबाइलों की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।