वेबसीरीज 'द स्टेयरकेस' देखकर की पत्नी की हत्या, 12 लाख लेकर भागे पति को दिल्ली पुलिस ने मथुरा से दबोचा
पूर्वी दिल्ली के गगन विहार में कमल ने संपत्ति विवाद में अपनी पत्नी कोमल की कैंची से हत्या कर दी। आरोपी हॉलीवुड क्राइम सीरीज 'द स्टेयरकेस' से प्रेरित थ ...और पढ़ें

पत्नी की हत्या कर फरार पति गिरफ्तार। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
पूर्वी दिल्ली में पति ने पत्नी की कैंची से हत्या की
संपत्ति विवाद और 'द स्टेयरकेस' सीरीज से प्रेरित था आरोपी
आरोपी कमल मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गगन विहार सोसायटी में पत्नी की गले में कैंची घोंपकर हत्या करने वाले पति कमल को जगतपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय आरोपित ने संपत्ति विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह हॉलीवुड की क्राइम सीरीज 'द स्टेयरकेस' से प्रभावित था और उसे लगा था कि हत्या के बाद हथियार ठिकाने लगाने से वह पुलिस की पकड़ से बच जाएगा। पुलिस ने उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है।
संपत्ति विवाद में पहले से रची थी हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, कमल और उसकी पत्नी कोमल गगन विहार स्थित चार मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर रहते थे, जबकि अन्य मंजिलों पर उसके माता-पिता और भाई का परिवार रहता है। परिवार में जुड़वा बच्चे गौरव और गोरविका हैं।
कोमल घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं, जबकि कमल घर-घर जाकर छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। गौरव एमबीबीएस कर चुका है और गोरविका नोएडा में नौकरी करती है।
जांच में सामने आया कि संपत्ति को लेकर लंबे समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपित ने कुछ दिन पहले ही हत्या के लिए कैंची खरीदी थी और वारदात की पूरी योजना पहले से बना रखी थी।
खबरें और भी
बेटे ने घर लौटकर देखा मां का शव
30 जुलाई की रात करीब नौ बजे गौरव लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौटा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ पड़ा पाया। उसके पिता कमल घर से फरार थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर से खून से सनी कैंची बरामद हुई, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।
सीसीटीवी से खुली पूरी कहानी
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज जांच का सबसे अहम सुराग बना। फुटेज में दोनों बच्चों के घर से निकलने के बाद केवल कमल और कोमल के घर के अंदर होने की पुष्टि हुई। बाद में आरोपित बैग लेकर स्कूटी से घर से निकलता हुआ भी कैमरे में दिखाई दिया। पुलिस का दावा है कि फुटेज में महिला की चीखें भी रिकॉर्ड हुई हैं।
तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस ने आरोपित की लोकेशन ट्रैक की। जांच में पता चला कि उसने अपने बैंक खातों से करीब सात लाख रुपये निकाल लिए थे और दिल्ली से गोरखपुर की ओर गया, जहां से नेपाल भागने की योजना थी। बाद में उसने पुलिस को भ्रमित करने के लिए अपना रास्ता बदलकर मथुरा की ओर रुख किया।
मथुरा से गिरफ्तारी, नकदी-स्कूटी बरामद
शाहदरा जिला पुलिस की कई राज्यों में चली तलाश के बाद आरोपित को मथुरा रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 12.75 लाख रुपये नकद और वारदात के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में कमल ने स्वीकार किया कि उसने 'द स्टेयरकेस' देखकर यह योजना बनाई थी कि हत्या के बाद हथियार ठिकाने लगा देगा, जिससे पुलिस जांच भटक जाएगी।
हालांकि वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। मामले में फोरेंसिक जांच और अन्य पहलुओं पर आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ऑनलाइन बच्चा बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, NGO के नाम पर करते थे धोखाधड़ी