यमुना नदी में नहाते वक्त बड़ा हादसा, 4 बच्चे तेज बहाव में बहे; दिल्ली के अलीपुर में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अलीपुर थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से चार गहरे पानी में डूब गए। पुलिस और बचाव दल लापता बच्चों की तलाश में जुटे हैं, लेकिन ...और पढ़ें

अलीपुर में चार बच्चे यमुना में बहे। फोटो: फाइल
HighLights
यमुना नदी में नहाते समय चार बच्चे डूबे
सभी बच्चे इब्राहिमपुर के निवासी बताए जा रहे हैं
एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बचाव कार्य में जुटीं
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अलीपुर थाना इलाके में स्थित यमुना नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से चार बच्चे गहरे पानी में बह गए। चारों बच्चे इब्राहिमपुर के बताए जाते हैं। इनमें से किसी की भी अभी डेड बॉडी नहीं मिली है और वोट क्लब के गोताखोर मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस का कहना है कि रविवार की शाम 7:45 बजे पुलिस स्टेशन अलीपुर में यमुना नदी में बच्चों के डूबने की सूचना डीडी नंबर 65ए के तहत प्राप्त हुई। डीडी एंट्री की सूचना एसआई प्रियंका को सौंपी गई, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
नहाने के दौरान हादसा
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि पांच नाबालिग लड़के ठोकर नंबर 24 पर यमुना नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान, राहुल, अंशु, सौरभ और अमनदीप नाम के चार लड़के कथित तौर पर नदी में डूब गए। पांचवां लड़का, संतोष का पुत्र लकी, जिसकी उम्र लगभग 14 वर्ष थी, जो बाहर ही रहा, उसने शोर मचाया।
बचाने का किया प्रयास
उसकी चीखें सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक वे पहुंचे, चारों लड़के नदी की तेज धारा में बह कर गायब हो चुके थे।
खबरें और भी
बचाव अभियान जारी
पुलिस के अनुसार डूबे हुए लड़कों की पहचान राहुल, अंशु, सौरव और अमनदीप के तौर पर की गई है। चारों इब्राहिमपुर के रहने वाले बताए जाते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एनडीआरएफ, डीडीएमए, अग्निशमन विभाग और संबंधित एसडीएम को सूचित कर दिया गया है और घटनास्थल पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
शव मिलने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
स्थानीय पुलिस अधिकारी बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और लापता बच्चों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद शवों की बरामदगी होने पर, बीएनएसएस के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जांच कार्यवाही सहित आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी।