Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जूते-चप्पल उद्योग से जुड़े कारोबारियों के लिए बड़ा मौका, दिल्ली में तीन दिन चलेगा भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेला 2026

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 06:17 AM (IST)

    केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने भारत मंडपम में 10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्व ...और पढ़ें

    10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेले का उद्घाटन।

    10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेले का उद्घाटन।

    HighLights

    1. 10वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेले का उद्घाटन।

    2. गिरिराज सिंह ने वैश्विक विनिर्माण हब बनाने पर जोर दिया।

    3. तकनीकी वस्त्रों और पीएलआई योजना पर बल।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत मंडपम में बृहस्पतिवार को 10वें ''भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर मेला 2026'' शुरू हुआ। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आइटीपीओ) व कंफेडेरशन आफ इंडियन फुटवियर इंडस्ट्री (सीआइएफआइ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय बी2बी मेले का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया।

    समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में सिंह ने फुटवियर उद्योग में ''टेक्निकल टेक्सटाइल्स'' की तेजी से बढ़ती भूमिका पर विशेष बल देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार ही इस क्षेत्र का भविष्य तय करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने देश के फुटवियर निर्माताओं से आह्वान किया कि वे अपनी विनिर्माण क्षमताओं, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने के लिए सरकार की ''उत्पादन आधारित प्रोत्साहन'' (पीएलआइ) योजना का भरपूर लाभ उठाएं।

    उन्होंने उद्योग में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ाने, तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने तथा इस मेले को एक ऐसे वैश्विक मंच के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जो दुनिया भर के खरीदारों, प्रदर्शकों और निवेशकों को आकर्षित कर सके।

    गिरिराज सिंह ने विशेष रूप से गैर-चमड़ा फुटवियर श्रेणी में अपार संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने उद्योग हितधारकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और सरकारी एजेंसियों से एक साथ मिलकर काम करने की अपील की ताकि अनुसंधान, डिजाइन उत्कृष्टता, उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण और ''वेल्यू एडिशन'' को बढ़ावा दिया जा सके।

    भारत की औद्योगिक क्षमता पर गहरा विश्वास व्यक्त करते हुए वस्त्र मंत्री ने कहा कि देश का फुटवियर क्षेत्र विशाल रोजगार सृजित करने, निर्यात में भारी बढ़ोतरी करने और भारत को एक प्रमुख वैश्विक विनिर्माण हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उद्घाटन के दौरान गणमान्य व्यक्तियों ने मेला गाइड का विमोचन किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कुछ स्टालों का दौरा कर मशीनरी, कच्चा माल और आधुनिक विनिर्माण प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शकों से सीधे संवाद किया।

    मालूम हो कि इस तीन दिवसीय मेले का आयोजन हाल नंबर पांच (भूतल) और हाल नंबर छह में किया गया है। इस वर्ष मेले में चीन और ताइवान समेत विदेशी कंपनियों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी भी देखी जा सकती है।

    मेले में फुटवियर, मशीनरी, आधुनिक उपकरण, फुटवियर उत्पाद, सिंथेटिक मटीरियल (पीवीसी, पीयू, ईवीए), फैब्रिक्स, सोल्स, एडहेसिव्स और केमिकल्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख ब्रांड्स व निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। हाल पांच (जीएफ) में फुटवियर और संबंधित सेक्टर के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जबकि हाल नं. छह में मशीनरी और टेक्नोलाजी का प्रदर्शन है।

    मेले में प्रवेश की व्यवस्था भैरों मार्ग स्थित गेट नंबर तीन एवं चार और मेट्रो स्टेशन की ओर गेट नंबर 10 से की गई है। इस मेले में देश-विदेश से 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों और खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।