Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर, 35 मिनट का सफर सिर्फ 8 मिनट में होगा पूरा

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:44 PM (GMT+05:30)

    गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक पांच किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा, जिससे उत्तर-पूर्वी दिल्ली और लोनी क्षेत्र के लाखों लोगों की आवाजाह ...और पढ़ें

    गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक पांच किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा

    गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक पांच किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा

    HighLights

    1. 5 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर गोकलपुरी मेट्रो से अंकुर विहार तक।

    2. उत्तर-पूर्वी दिल्ली और लोनी की कनेक्टिविटी सुधरेगी, ट्रैफिक घटेगा।

    3. यात्रा का समय 30-35 मिनट से घटकर 7-8 मिनट होगा।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली और लोनी क्षेत्र के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक करीब पांच किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह परियोजना विशेष रूप से गोकलपुरी, करावल नगर और लोनी क्षेत्र के लाखों लोगों की दैनिक आवाजाही को आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है।

    प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर गोकुलपुरी नाले के ऊपर बनाया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को एक वैकल्पिक तथा तेज संपर्क मार्ग मिलेगा। वर्तमान में करावल नगर और लोनी की ओर जाने वाले लोगों को अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ यातायात भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

    इस एलिवेटेड कारिडोर के बनने से उत्तर-पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद के उत्तरी पश्चमी हिस्सों के बीच भी संपर्क मजबूत होगा। साथ ही गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से सड़क नेटवर्क की बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से स्थानीय निवासियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। परियोजना को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को अधिक आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह होगी कि स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर पर कई स्थानों पर चढ़ने और उतरने के लिए रैंप बनाए जाएंगे। योजना के अनुसार पहला और दूसरा रैंप लगभग डेढ़-डेढ किलोमीटर की दूरी पर और इसके बाद लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर तीसरा रैंप बनाया जाएगा। इससे बीच के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इस एलिवेटेड मार्ग का लाभ मिल सकेगा।

    परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने व्यवहार्यता अध्ययन और विस्तृत डिजाइन तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। अध्ययन के दौरान तकनीकी, यातायात, पर्यावरण और निर्माण संबंधी पहलुओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगी, जिसके बाद निर्माण कार्य की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

    अभी अगर आपको गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से अंकुर विहार जाना है तो इसके लिए गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से शहीद मंगल पांडेय रोड पर से खजूरी चौक जाना होगा और वहां से करावल नगर पुस्ता रोड होते हुए अंकुर विहार तक जाना पड़ेगा जो दूरी लगभग 30 मिनट से 35 मिनट में तस होती है। यह कारिडोर बनने पर यही दूरी सात से आठ मिनट की रह जाएगी।

    यह भी पढ़ें: