'अब समय है बेटी बढ़ाओ का, महिलाएं करेंगी लीडरशिप', IGDTUW दीक्षा समारोह में बोलीं CM रेखा गुप्ता
इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (IGDTUW) के आठवें दीक्षा समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'बेटी बढ़ाओ' का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि म ...और पढ़ें
-1773301476222_m.webp)
IGDTUW के आठवें दीक्षा समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'बेटी बढ़ाओ' का आह्वान किया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश अब बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के दौर से आगे बढ़ चुका है और अब समय बेटी बढ़ाओ का है, जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ये बातें कश्मीरी गेट स्थित इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय फॉर वूमेन (आइजीडीटीयूडब्ल्यू) के आठवें दीक्षा समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग, प्रबंधन और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रही छात्राएं विकसित भारत की दिशा तय करेंगी।
इस अवसर पर कुल 1181 छात्राओं को डिग्रियां दी गईं, जिनमें 31 पीएचडी, 212 मास्टर डिग्री और 938 स्नातक डिग्रियां शामिल हैं।
'डिग्री केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं'
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि यह डिग्री केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं बल्कि जीवन के अगले चरण की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि देश अब वूमेन-लेड डेवलपमेंट की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विज्ञान, तकनीक, प्रबंधन तथा शोध के क्षेत्र में महिलाओं के लिए अनगिनत अवसर मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार बेटियों की शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नई पहलें कर रही है। इसी क्रम में शुरू की गई लखपति बिटिया योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर उसकी स्नातक शिक्षा पूरी होने तक सरकार उसके खाते में चरणबद्ध आर्थिक सहायता देगी, ताकि वह आगे की पढ़ाई या रोजगार के लिए मजबूत आधार तैयार कर सके।
खबरें और भी
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि आज का दिन केवल डिग्री लेने का नहीं बल्कि दुनिया को यह संदेश देने का है कि महिलाएं भविष्य की निर्माता हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महिला सशक्तिकरण पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं ड्रोन तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं।
नेत्रा नारी नेतृत्व परियोजना का भी जिक्र
इस दौरान उन्होंने नेत्रा नारी नेतृत्व परियोजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत आइजीडीटीडब्ल्यू की छात्राओं ने दिल्ली पुलिस की महिला कर्मियों को निगरानी ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण दिया।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रंजना झा ने बताया कि आइजीडीटीडब्ल्यू को पहले ही मूल्यांकन चक्र में नैक से ए+ ग्रेड और 3.27 सीजीपीए प्राप्त हुआ है। इसके अलावा टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग 2025 में ग्लोबल टाप इनोवेटिव यूनिवर्सिटी श्रेणी में 52वां स्थान व क्यूएस एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग (दक्षिण एशिया) में 292वां स्थान हासिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्राएं राष्ट्रीय मंचों पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। स्मार्ट इंडिया हैकाथान और अन्य प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय की टीमों ने कई पुरस्कार जीते हैं।
इस वर्ष विश्वविद्यालय का नया रिकार्ड
प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी इस वर्ष विश्वविद्यालय ने नया रिकार्ड बनाया। एक छात्रा को एक करोड़ रुपये वार्षिक पैकेज मिला, जबकि कई छात्राओं को 64 लाख रुपये तक के पैकेज प्राप्त हुए। माइक्रोसाफ्ट, एप्पल, अमेजन और वेल्स फार्गो जैसी कंपनियों ने भी बड़ी संख्या में छात्रों का चयन किया।
कुलपति ने बताया कि पिछले वर्ष विश्वविद्यालय के शोधार्थियों और शिक्षकों द्वारा 400 से अधिक शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हुए और 19 पेटेंट प्राप्त हुए। कई संकाय सदस्य स्टैनफोर्ड-एल्सेवियर की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में भी शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विस्तार के लिए दिल्ली सरकार ने नरेला में 50 एकड़ भूमि स्थायी परिसर के लिए आवंटित की है, जिससे आने वाले समय में शोध, नवाचार और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी। समारोह में मेधावी छात्राओं को चांसलर गोल्ड मेडल सहित विभिन्न पुरस्कार भी दिए गए।