आईजीआई एयरपोर्ट पर 2 करोड़ के कीमती पत्थरों की तस्करी का भंडाफोड़, यात्री गिरफ्तार
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर बैंकाक से आए एक यात्री को कीमती पत्थरों की तस्करी करते पकड़ा गया। उसके ठिकानों ...और पढ़ें

आईजीआई एयरपोर्ट पर 2 करोड़ के कीमती पत्थरों की तस्करी का भंडाफोड़, यात्री गिरफ्तार ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
आईजीआई एयरपोर्ट पर कीमती पत्थरों की तस्करी पकड़ी गई।
बैंकाक से आए यात्री के पास 3,200 रत्न मिले।
छापेमारी में 2 करोड़ से अधिक के पन्ने-माणिक जब्त।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बैंकाक से बैगेज में छिपाकर कीमती पत्थरों की तस्करी कर दिल्ली लाए जा रहे एक भारतीय यात्री को आइजीआइ एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कस्टम्स की स्पाट प्रोफाइलिंग के आधार पर पकड़ा गया है।
यात्री के सामान की तलाशी में 3,200 बहुमूल्य पत्थर और गहने मिले। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर कस्टम्स ने अगले ही दिन उसके ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से 196.676 किलो बिना तराशा पन्ना, 221 कैरेट कट-पालिश माणिक और 45 कैरेट कट-पॉलिश पन्ना बरामद हुआ। एयरपोर्ट और ठिकानों से बरामद माल की कुल कीमत 2,02,54,400 रुपये आंकी गई है। कस्टम्स ने यात्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संदेह के आधार पर पकड़ा गया भारतीय यात्री
दिल्ली कस्टम्स के मुताबिक, तीन अक्टूबर को बैंकाक से उड़ान संख्या एआइ-2303 से दिल्ली पहुंचे भारतीय यात्री को स्पाट प्रोफाइलिंग के दौरान संदेह के आधार पर रोका गया। उसके बैगेज और व्यक्तिगत सामान की तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखे 3,200 कीमती पत्थर और आभूषण मिले। इनकी कीमत 1,01,54,600 रुपये आंकी गई। पूछताछ में यात्री ने कस्टम्स ड्यूटी चुकाए बिना इन कीमती पत्थरों को बैंकाक से दिल्ली लाने की बात स्वीकार की।
एयरपोर्ट पर हुई बरामदगी के बाद कस्टम्स ने तस्करी के नेटवर्क की कड़ी तलाशने के लिए जांच आगे बढ़ाई। कस्टम्स अधिनियम की धारा 105 के तहत तलाशी की अनुमति लेकर चार अक्टूबर को यात्री से जुड़े जयपुर के ठिकानों पर छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को 196.676 किलोग्राम बिना तराशा पन्ना, 221 कैरेट कट-पालिश माणिक और 45 कैरेट कट-पालिश पन्ना मिला। इसके अलावा मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। जहां से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
मामले की जांच जारी
एयरपोर्ट पर बरामद सामान और ठिकानों से मिले पत्थरों को मिलाकर कुल 2,02,54,400 रुपये का माल कस्टम्स अधिनियम की धारा 110 के तहत जब्त किया गया है। यात्री को धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है। कस्टम्स मामले की आगे जांच कर रहा है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कीमती पत्थरों की तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
