दीवाली की रात स्मॉग से घिरा दिल्ली एयरपोर्ट, लो विजिबिलिटी के कारण LVP लागू; 44 प्रतिशत फ्लाइट्स लेट
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दीवाली की रात इस सर्दी का पहला लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू किया गया। प्रदूषण और कम दृश्यता के कारण 44% उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
IGI एयरपोर्ट पर दिवाली रात पहला एलवीपी लागू हुआ।
धुंध और प्रदूषण के कारण दृश्यता में भारी कमी आई।
44% प्रस्थान उड़ानें औसतन 20 मिनट विलंबित हुईं।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस सर्दी के सीजन का पहला लो विजिबिलिटी प्रासीजर (एलवीपी) दीवाली की रात लागू करना पड़ा। उत्तर भारत में मौसम के बदलते मिजाज और बढ़ते प्रदूषण के बीच एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए दोपहर 12:40 बजे एक आधिकारिक यात्री सलाह जारी कर इसकी जानकारी दी थी।
कम दृश्यता की इस स्थिति के पीछे मुख्य वजहें सर्दियों के आगमन के साथ स्थानीय स्तर पर तापमान में गिरावट और हवा की सुस्त रफ्तार के कारण प्रदूषक कणों का जमीन के पास जमा होना यानी स्माग है।
44 प्रतिशत उड़ानों पर पड़ा असर
दिल्ली एयरपोर्ट द्वारा जारी एक्स पोस्ट और आधिकारिक अपडेट के मुताबिक, हालांकि एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर प्रगति पर था, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि उस दौरान सभी उड़ान संचालन पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहे थे।
उधर रविवार मध्य रात्रि से सोमवार शाम आठ बजे की बात करें तो प्रस्थान से जुड़ी करीब 44 प्रतिशत उड़ानें विलंबित रहीं।इनमें औसत विलंब की दर करीब 20 मिनट दर्ज की गई। हालांकि आगमन से जुड़ी उड़ानें करीब करीब बिना विलंब के संचालित होती रहीं।
कब लागू होता है एलवीपी?
एविएशन जानकारों के अनुसार, जब रनवे पर दृश्यता तय मानकों से नीचे जाती है, तब सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एलवीपी लागू किया जाता है। इसके तहत विमानों की आवाजाही के दौरान उनके बीच सुरक्षित दूरी बढ़ाई जाती है और ग्राउंड मूवमेंट की गति को नियंत्रित किया जाता है।
साथ ही, कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकआफ के लिए कैट-III जैसी आधुनिक इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग प्रणालियों और विशेष रूप से प्रशिक्षित पायलटों की मदद ली जाती है, जिससे उड़ानों को डायवर्ट करने या बड़े पैमाने पर रद्द करने की नौबत से बचा जा सके।
स्माग और दृश्यता का सीधा संबंध
मौसम विज्ञानियों और पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के इस शुरुआती दौर में जब तापमान गिरता है और वायुमंडल में नमी बढ़ती है, तो हवा में मौजूद धूलकण और सूक्ष्म प्रदूषक (जैसे पीएम2.5 और पीएम10) मिलकर एक घनी परत बना लेते हैं, जिसे स्माग कहा जाता है।
हवा की गति कम होने के कारण ये प्रदूषक हवा में ऊपर नहीं जा पाते और निचले वायुमंडल में ही ठहरे रहते हैं, जिससे अचानक दृश्यता तेजी से कम हो जाती है।
यह भी पढ़ें- दिल्लीवासियों का इंतजार खत्म, कल से शुरू होगा 'नमो यमुना क्रूज'; सोनिया विहार से जगतपुर तक कर सकेंगे सैर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।