Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इग्नू में दाखिले के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 16 अगस्त तक करें आवेदन; M.Com. में भी लें एडमिशन

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 06:45 PM (IST)

    इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में नए नामांकन और पुन: पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ा दी है। ...और पढ़ें

    इग्नू में आवेदन की तारीख बढ़ी।

    इग्नू में आवेदन की तारीख बढ़ी।

    HighLights

    1. इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ी।

    2. जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन और पुन: पंजीकरण।

    3. दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से आवेदन करें।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में नए नामांकन और पुन: पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 16 अगस्त कर दिया है।

    दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इग्नू के अधिकारियों ने कहा कि अब अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

    वहीं, मास्टर आफ कामर्स (एमकॉम) कार्यक्रम में भी प्रवेश शुरू हो चुका है। ऐसे विद्यार्थी जो वाणिज्य विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं और नियमित कॉलेज में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वे अब इग्नू के माध्यम से यह डिग्री हासिल कर सकेंगे।

    इन कोर्स में भी मिल रहे दाखिले

    इसके अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में भी दाखिले लिए जा रहे हैं।

    विश्वविद्यालय के अधिकारियों के मुताबिक दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों व अन्य अभ्यर्थियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

    उनके मुताबिक इग्नू का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और लचीली उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक, भौगोलिक या अन्य कारणों से कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे।

    16 तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

    उन्होंने कहा कि इग्नू के सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की भावना के अनुरूप तैयार किए गए हैं और इनमें विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई करने की आजादी मिलती है।

    विश्वविद्यालय की दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के माध्यम से छात्र नौकरी या अन्य जिम्मेदारियों के साथ भी अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं।

    विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 अगस्त तक इग्नू के आधिकारिक ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

    विशेष हेल्पडेस्क भी बनाए गए हैं

    नामांकन से संबंधित दिशा-निर्देश, पात्रता, शुल्क और अन्य जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध है। साथ ही किसी भी प्रकार की सहायता के लिए संबंधित क्षेत्रीय केंद्र और अध्ययन केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।

    खबरें और भी

    विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी अध्ययन केंद्रों पर विशेष हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं। यहां ऑनलाइन आवेदन भरने, विषयों के चयन, दस्तावेज अपलोड करने, पुन पंजीकरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

    अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में केंद्र पर पहुंचकर विशेषज्ञों से परामर्श ले सकते हैं। इग्नू ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।

    यह भी पढ़ें- IGNOU से अब कर सकेंगे M.Com, एडमिशन की डेट भी बढ़ी; 16 अगस्त तक करें अप्लाई