दिल्लीवाले ध्यान दें! IPL मैच के चलते आज 7 घंटे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, इन रूट्स से बचें
टाटा आईपीएल 2026 के दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच के कारण दिल्ली में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक अरुण ...और पढ़ें

आईपीएल मैच के चलते रविवार को रूट डायवर्ट रहेगा। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
आईपीएल मैच के कारण दिल्ली में यातायात प्रतिबंध लागू।
शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग पर पार्किंग नहीं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के तहत आज होने वाले दिल्ली कैपिटल्स बनाम रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बीच मुकाबले को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
यह मैच अरुण जेटली स्टेडियम, फिरोज शाह कोटला ग्राउंड पर शाम सात बजे से खेला जाएगा। मैच के मद्देनजर आम जनता की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आवश्यकता के आधार पर बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
आम यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे शाम पांच बजे से रात 12 बजे के बीच इन मार्गों का उपयोग करने से बचें, क्योंकि इस दौरान स्टेडियम की ओर दर्शकों की भारी भीड़ रहेगी।
कौन से मार्ग रहेंगे प्रतबंधित?
प्रतिबंधित मार्गों में जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट और कमला मार्केट राउंडअबाउट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट) और बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक) शामिल हैं। इन सड़कों पर किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी और उल्लंघन करने वाले वाहनों को तुरंत हटाया जाएगा।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेट नंबर 1 से 8 दक्षिणी दिशा में बहादुरशाह जफर मार्ग से, गेट नंबर 10 से 15 पूर्वी दिशा में जेएलएन मार्ग से और गेट नंबर 16 से 18 पश्चिमी दिशा में बहादुरशाह जफर मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा।
खबरें और भी
यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेडियम के पास आम दर्शकों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। केवल वैध पार्किंग लेबल वाले वाहनों को ही निर्धारित पार्किंग स्थलों जैसे जेपी पार्क, विक्रम नगर पार्किंग के पास में प्रवेश मिलेगा।
बिना लेबल वाले वाहनों को स्टेडियम के आसपास आने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों की सुविधा के लिए ‘पार्क एंड राइड’ सेवा उपलब्ध कराई गई है।
माता सुंदरी रोड, वेलोड्रोम रोड, शांति वन और राजघाट क्षेत्र से बसें मैच शुरू होने से दो घंटे पहले चलना शुरू करेंगी और मैच समाप्ति के एक घंटे बाद तक उपलब्ध रहेंगी।
टैक्सी के लिए यहां से होगा पिकअप और ड्रॉप पाइंट
वहीं ऐप-आधारित टैक्सी उपयोगकर्ताओं के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (गेट नंबर 2 के पास), राजघाट चौक और आईटीओ फ्लाईओवर के निकट निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप पाइंट तय किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की सलाह दी है।