जसोला मामले में लापरवाह जेई निलंबित, सीएम रेखा गुप्ता ने मांगी रिपोर्ट; लापता किशोर की तलाश जारी
जसोला गांव के नाले में किशोर के लापता होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त की और रिपोर्ट मांगी ...और पढ़ें

जसोला गांव के कच्चे नाले में गिरकर किशोर के लापता होने घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया।
HighLights
सीएम ने जसोला नाले की घटना पर नाराजगी जताई।
लापरवाही बरतने वाले जेई अनुज कुमार को निलंबित किया गया।
लापता किशोर की तलाश में एनडीआरएफ का बचाव अभियान जारी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जसोला गांव के कच्चे नाले में गिरकर किशोर के लापता होने घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ी नाराजगी और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य सचिव को संबंधित नाले की रिपोर्ट देने और दोषी अधिकारी को सस्पेंड करने के निर्देश दिया।
डीसी साउथ-ईस्ट ने कार्रवाई करते हुए मामले में लापरवाही बरतने वाले जेई अनुज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि शनिवार की सुबह नाले में गिरे 15 वर्षीय मिथुन का सोमवार देर शाम तक सुराग नहीं लग पाया है। बचाव अभियान को लेकर लोगों में नाराजगी भी है। रविवार शाम और सोमवार दोपहर स्वजन और स्थानीय लोगों ने इसे लेकर प्रदर्शन भी किया।
सिंचाई विभाग की नहर में भी किशोर का कुछ पता नहीं चला
बता दें कि तीन दिनों से एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल व उसके आगे तक लगातार बचाव अभियान चला रही है। शाहीनबाग थाने से आगे सिंचाई विभाग की नहर में भी किशोर का कुछ पता नहीं चला। एमसीडी के इस कच्चे नाले के जरिए ओखला एसटीपी का शोधित जल सिंचाई विभाग की नहर से होते हुए आगरा कैनाल में जाता है।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी के मुताबिक कच्चे नाले के दोनों तरफ घनी बस्ती है। किनारे पर जहां थोड़ा बहुत स्थान भी है, वहीं झाड़ियां हैं। इसमें कचरा फेंकने के साथ ही लोगों ने सीवेज की लाइन जोड़ रखी है। इसके चलते बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।
क्रिब्स हास्पिटल के आगे मेट्रो स्टेशन के चलते नाला भूमिगत
बता दें कि क्रिब्स हास्पिटल के आगे मेट्रो स्टेशन के चलते नाला भूमिगत हो गया है और आगे जाकर सिंचाई विभाग के नहर में मिल गया है। आशंका यह भी जताई जा रही है तेज बहाव के चलते किशोर पाइप लाइन में चला गया होगा और घुमावदार पाइपलाइन में कहीं फंसा होगा।
