कांवड़ियों के लिए लेन रिजर्व, 30 मिनट तक की यात्रा में लग जा रहे दो-दो घंटे
कांवड़ यात्रा के कारण दिल्ली-नोएडा सीमा पर कालिंदी कुंज मार्ग पर एक लेन आरक्षित होने से भीषण जाम लग रहा है। इससे वाहन चालकों को 30 मिनट की यात्रा में ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा के कारण दिल्ली-नोएडा सीमा पर कालिंदी कुंज मार्ग पर एक लेन आरक्षित होने से भीषण जाम लग रहा है।
HighLights
कालिंदी कुंज पर कांवड़ियों के लिए एक लेन आरक्षित।
30 मिनट की यात्रा में अब लग रहे दो-ढाई घंटे।
कांवड़ मार्गों पर 640 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कांवड़ यात्रा के कारण दिल्ली-नोएडा सीमा पर स्थित कालिंदी कुंज मार्ग पर दो में से एक लेन आरक्षित किए जाने से यातायात प्रभावित है। कालिंदी कुंज चौक वैसे भी जाम की चपेट में रहता है। एक लेन रिजर्व होने के चलते सरिता विहार, मीठापुर व जैतपुर की तरफ से नोए़डा जाने वाले वाहन चालकों के लिए केवल एक ही लेन बची है।
इसके चलते चौक पर भीषण जाम लग रहा है। जहां पहले वाहन चालक लगभग आधे घंटे में नोएडा पहुंच रहे थे, वहीं अब घंटों तक जाम से जूझना पड़ रहा है। दस मिनट से आधे घंटे तक की यात्रा के लिए भी दो से ढाई घंटे तक लग जा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी ऐसे वाहन चालक अपना दर्द बयान कर रहे हैं। लोगों के मुताबिक कालिंदी कुंज के जाम से निकलना स्ट्रेट आफ होर्मुज से भी ज्यादा मुश्किल साबित हो रहा है।
कांवड़ लेकर आ रहे श्रद्धालुओं के लिए कालिंदी कुंज चौक के रिजर्व लेन पर ही शिविर लगा है। यहां आराम करने, भोजन-पानी और मेडिकल की व्यवस्था है। पुलिसकर्मी भी तैनात हैं, जो जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम के बीच से सुरक्षित सड़क पार करा रहे हैं।
सरिता विहार ट्रैफिक सर्किल के मुताबिक चौक से नोएडा जाने वाले बायें लेन को बैरिकेड लगाकर रिजर्व किया गया है। कांवड़ियों के आने के क्रम 11 अगस्त तक बना रहेगा। तब तक सरिता विहार, मीठापुर-बदरपुर और जैतपुर की ओर से आने वाले वाहन चालक केवल एक ही लेन का उपयोग कर नोएडा की ओर जा सकेंगे।
खबरें और भी
कांवड़ मार्गों पर यातायात सुचारू रखने में छूट रहे पसीने
यमुनापार में कांवड़ यात्रा के चलते प्रमुख मार्गों पर जाम लग रहा है। गोकलपुरी, एनएच-9, यमुना विहार, जीटी रोड, बिहारी कालोनी और अन्य प्रमुख सड़कों पर सुबह-शाम वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कांवड़ शिविरों और मार्गों पर बढ़ी गतिविधियों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।
इससे दफ्तर जाने वाले, स्कूली बच्चे और अन्य राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लग रहा है। लोगों ने ट्रैफिक प्रबंधन, वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है। ट्रैफिक डीसीपी (ईस्टर्न रेंज) के. रमेश ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के लिए 640 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही यात्रा शुरू होने से पहले एडवाइजरी जारी कर लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।