दिल्ली के इस इलाके में बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग; नहाने की बात तो दूर, प्यास बुझाना हुआ दूभर
करण विहार और आसपास के इलाकों में भीषण जल संकट गहरा गया है, जहां लोग नहाने तक के लिए पानी को तरस रहे हैं। चार दिनों में केवल आधे घंटे की पानी आपूर्ति स ...और पढ़ें

बाहरी दिल्ली के करण विहार इलाके में पानी के लिए तरसे हजारों लोग।
HighLights
करण विहार में चार दिन में सिर्फ आधे घंटे पानी।
हजारों लोग नहाने और पीने के पानी को तरसे।
आरडब्ल्यूए की शिकायत के बावजूद नहीं समाधान।
संवाद सहयोगी, बाहरी जिला। करण विहार में जल संकट की वजह से नहाने के लिए तरस रहे हैं। कालोनी में चार दिनों में एक बार आधा-एक घंटा पानी की आपूर्ति की जाती है। जो लोगों के अपर्याप्त रहता है। मजबूरन लोगोंं को पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।
लो-प्रेशर के कारण लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा। जिसकी वजह से लोगों को चार-पांच दिनों तक पानी ही नहीं मिल पाता। जलसमस्या के कारण क्षेत्र के लगभग पांच हजार से अधिक लोग प्रभावित है। कालोनी में एक-डेढ़ वर्ष से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। करण विहार पार्ट-6 में 13-14 गलियां है़, जिनमें से चार-पांच गलियों में पानी ही नहीं आता।
बढ़ती गर्मी के बीच क्षेत्र में पानी का संकट
कॉलोनी में जलसमस्या के कारण लोगों को दूसरे ब्लॉक व क्षेत्रों से बर्तनों में पानी भरकर लाना पड़ता है। जिसकी वजह से लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित रहता है। लगभग एक माह पूर्व तीन दिन में एक से डेढ़ घंटे तक पानी की आपूर्ति की जाती थी। लेकिन बढ़ती गर्मी के बीच क्षेत्र में पानी का संकट गहराता जा रहा है। करण विहार, हरि इन्क्लेव, अमन विहार, बलबीर विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में जलसमस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीती 22 जून को हमने किराड़ी की पानी की टंकी पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। हमने देखा कि टंकी में गंदा पानी भरा हुआ था। उसके बाद टंकी की सफाई की गई। हमने पानी की समस्या को लेकर जलबोर्ड के मुख्यालय को शिकायत भी दी थी। बावजूद इसके कोई समाधान नहीं हो सका। - राजेश चौधरी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
पानी न मिलने के कारण हम लोग नहाने तक के लिए तरस गए हैं। गीले तौलिया से मुंह साफ करके ही काम के लिए घर से निकल जाते है। गर्मी में स्थिति इतनी गंभीर है कि बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। - रमाशंकर तिवारी, करण विहार पार्ट-3
बलबीर विहार ए-ब्लाक की गली नंबर-5, 9 में से पानी नहीं आ रहा। लगभग आधा किलोमीटर दूर से बर्तनों में पानी भरकर लाना पड़ता है। जब से क्षेत्र में पानी की समस्या हुई है। तब से कोई अपने घर से पानी नहीं देता। इसलिए काफी दिक्कत हो रही है। - भागवती, बलबीर विहार
अमन विहार के एफ-ब्लाक गली नंबर-1 में कुछ लोगों के घर तक पानी पहुंचता है। बाकी लोगों के घरों तक पानी ही नहीं पहुंच पाता। अमन विहार एच-ब्लाक, हरि इन्क्लेव पार्ट-2 के ए-ब्लाक की गली नंबर-7, 8, 9 में भी कुछ इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। - हेमा, अमन विहार
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर को जोड़ने वाला मार्ग एक साल से बदहाल, अफसरों ने मूंदी आंखें