विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय पर केजरीवाल ने उठाया सवाल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को घेरा

Updated: Thu, 20 Aug 2026 05:55 AM (GMT+05:30)

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय और परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं, आरोप लगाया कि यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर हुई है।

अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह को घेरा। फोटो: आर्काइव

अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह को घेरा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाए

  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कथित निर्देश पर गिरफ्तारी का आरोप

  3. जैन की गिरफ्तारी को केवल दबाव का नतीजा बताया

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय और परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने बुधवार को इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि जैन की गिरफ्तारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कथित निर्देश के बाद की गई।

सुबह तक गिरफ्तारी की योजना नहीं होने का दावा

केजरीवाल ने दावा किया कि एक एसीबी अधिकारी ने उन्हें बताया है कि बुधवार सुबह तक जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी, लेकिन दोपहर में जैन को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। केजरीवाल ने इस मामले में जांच एजेंसी पर कथित दबाव डालने की वजह स्पष्ट करने को कहा।

गिरफ्तारी को लेकर केजरीवाल ने उठाया सवाल

केजरीवाल ने कहा कि जाहिर है कि अब गिरफ्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है। बगैर नाम लिए गए कहा कि बल्कि अब गिरफ्तारी इस बात से होती है कि वे दोनों किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं। केजरीवाल ने कहा कि गिरफ्तारी तब की जाती है, जब पुलिस को उस व्यक्ति से पूछताछ और जांच करनी हो।

उन्होंने कहा कि जैन की पुलिस ने कस्टडी ही नहीं ली। जैन की पुलिस कस्टडी नहीं लिए जाने को आधार बनाते हुए केजरीवाल ने कहा कि इसका मतलब जैन से कोई पूछताछ नहीं करनी है। केवल दबाव के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

वहीं आप नेता संजय सिंह ने भी जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए मामले को ‘फर्जी’ करार दिया।

दिल्ली जल बोर्ड की टेंडर प्रक्रिया से जुड़ा है मामला

गौरतलब है कि दिल्ली जल बोर्ड की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने सत्येंद्र जैन और डीजेबी के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें- सत्येंद्र जैन को झटका, कोर्ट का गिरफ्तारी को अवैध ठहराने से इनकार; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

यह भी पढ़ें- 'केजरीवाल सरकार के घोटालों के कारण सत्येंद्र जैन जेल में', सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा आरोप