'शीशमहल-2' भाजपा ने जारी की केजरीवाल के नए बंगले की तस्वीर, आप ने बताया फर्जी
भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में 'दूसरा शीशमहल' बनाने और दिल्ली के लोधी एस्टेट स्थित नए सरकारी आवास पर भारी खर्च करने का आरोप ल ...और पढ़ें
HighLights
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर 'दूसरा शीशमहल' बनाने का आरोप लगाया।
लोधी एस्टेट के नए सरकारी आवास पर खर्च पर उठाए सवाल।
केजरीवाल के आलीशान जीवनशैली को भ्रष्टाचार से जोड़ा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा नेता और दिल्ली कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। वर्मा ने केजरीवाल की तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के ‘रहमान डकैत’ से करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी दूसरा शीशमहल बना लिया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को फर्जी करार दिया है।
प्रेस कांफ्रेंस में लगाए संगीन आरोप
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली चुनाव हारने के बाद केजरीवाल पंजाब चले गए। वहां मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास के आस-पास चार घरों पर केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने कब्जा कर लिया। केजरीवाल ने वहां दूसरा शीशमहल तैयार कर लिया।

लोधी एस्टेट में नया घर और सजावट पर सवाल
कोर्ट के आदेश के बाद केजरीवाल को 95, लोधी एस्टेट में सरकारी आवास आवंटित हुआ। कल (शुक्रवार 24 अप्रैल) उन्होंने परिवार के साथ इस घर में शिफ्टिंग कर ली।
प्रवेश वर्मा ने नए घर की तस्वीरें देखकर हैरानी जताई और कहा, 'वहां भी उन्होंने खूब खर्च किया है। यह सरकारी घर है, लेकिन इसमें सरकारी पैसा नहीं लगा है।'

वर्मा ने याद दिलाया कि पहले शीशमहल (6, फ्लैग स्टाफ रोड) पर भारी खर्च को लेकर जब सवाल उठे तो केजरीवाल ने दावा किया था कि सजावट का फैसला पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर ने लिया था और उन्हें खर्च की जानकारी नहीं थी। अब नए घर पर वे ऐसा दावा नहीं कर सकते।

केजरीवाल पर लगाए कई आरोप
- जो नेता कभी साधारण बंगला भी नहीं लेने की बात करते थे और कहते थे कि किसी अन्य पार्टी के नेता का ऐसा घर नहीं होगा, आज खुद शीशमहल में रह रहे हैं।
- दिल्ली में कोरोना महामारी, पानी और बिजली की कमी के समय भी केजरीवाल जनता से गायब होकर शीशमहल बनाने में लगे रहे।
- शीशमहल केजरीवाल के भ्रष्टाचार का सबूत है। मुख्यमंत्री के वेतन से ऐसा आलीशान घर नहीं बन सकता। उन्हें बताना चाहिए कि इस पर शराब घोटाले का पैसा लगाया गया या नहीं।

खबरें और भी
वर्मा ने आगे कहा कि केजरीवाल के अंदर शीशमहल बस चुका है। इस कारण उन्हें दिल्ली और पंजाब की जनता का दुख दिखाई नहीं देता। आप कार्यकर्ता पूरी जिंदगी मेहनत करें तब भी ऐसा मकान नहीं बना सकते। .

चार सवाल पूछे
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल और आप से चार सीधे सवाल भी पूछे...
- लोधी रोड वाले बंगले में जितना पैसा लगा है, वह पैसा कहां से आया और किसका है?
- क्या आपकी विलासिता के कारण आप के कार्यकर्ता केजरीवाल को छोड़ रहे हैं?
- बार-बार आलीशान शीशमहल बनाने की उन्हें क्या जरूरत पड़ रही है?
- पहले शीशमहल में शराब का पैसा लगा था, इस बार किसका पैसा लगा है?
वर्मा ने यह भी कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में केजरीवाल सबसे शौकीन व्यक्ति हैं। नाम आम आदमी पार्टी रखा लेकिन काम राजा-महाराजाओं वाला है। पार्टी का नाम 'आम आलीशान पार्टी' होना चाहिए। इस हमले के साथ ही हाल ही में आप से 7 राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे और बीजेपी में शामिल होने का भी जिक्र करते हुए वर्मा ने इशारा किया कि ईमानदार कार्यकर्ता अब केजरीवाल के साथ नहीं रह सकते।
आज बीजेपी के मंत्री @p_sahibsingh जी ने पूरी मीडिया को बुलाकर अरविंद केजरीवाल जी के तथाकथित नए घर की तस्वीरें दिखाई… लेकिन मज़े की बात ये है कि ये तस्वीरें केजरीवाल जी के घर की नहीं, बल्कि ‘Pinterest’ से डाउनलोड की गई हैं!
— Atishi (@AtishiAAP) April 25, 2026
क्या दिन आ गए हैं इनके - जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ… https://t.co/Fc8zTBF5lQ
आतिशी ने आरोपों को नकारा
हालांकि, इस पूरे मामले में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं आप नेता आतिशी ने प्रवेश वर्मा को करारा जवाब देते हुए इन तस्वीरों को झूठा करार दिया है।
उन्होंने एक्स पर लिखा है, 'आज बीजेपी के मंत्री परवेश जी ने पूरी मीडिया को बुलाकर अरविंद केजरीवाल जी के तथाकथित नए घर की तस्वीरें दिखाई…लेकिन मजे की बात ये है कि ये तस्वीरें केजरीवाल जी के घर की नहीं, बल्कि ‘Pinterest’ से डाउनलोड की गई हैं! क्या दिन आ गए हैं इनके- जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ मिलता नहीं तो इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरों के दम पर झूठे दावे किए जा रहे हैं। परवेश वर्मा जी इससे बेहतर तो आप एआई का इस्तेमाल कर लेते, चोरी इतनी जल्दी तो नहीं पकड़ी जाती।
उन्होंने दूसरे पोस्ट में कहा है, 'प्रवेश वर्मा द्वारा जारी कि गई सारी तस्वीरें फ़र्ज़ी हैं। वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं। किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए रेखा गुप्ता जी और LG साहिब अपना अपना घर खोल दें और केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी।'
यह भी पढ़ें- 'अरविंद केजरीवाल की व्यक्तिगत केंद्रित राजनीति से टूटी पार्टी', राघव चड्ढा के BJP में जाने पर बोले पूर्व AAP नेता
यह भी पढ़ें- 'सत्ता और लूट की हो रही थी राजनीति...', राघव चड्ढा समेत AAP के 7 सांसदों के BJP में विलय पर प्रताप बाजवा का तंज
यह भी पढ़ें- इधर राघव चड्ढा समेत AAP के 7 सांसदों ने BJP में किया विलय, उधर शिअद के इस नेता को आम आदमी पार्टी ने अपने साथ जोड़ा