Delhi Fire News: पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार होटल मालिक लवकेश बजाज, AIIMS ट्रामा सेंटर में 10 घायल पुलिसकर्मी एडमिट
Delhi Restaurant Fire News Updates: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह करीब 8 बजे लगी आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है।

Malviya Nagar Delhi Fire News: मालवीय नगर में रेस्टोरेंट में लगी आग। जागरण
दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लेमन ग्रास रेस्टोरेंट आग लग गई।
होटल मालिक लवकेश बजाज हिरासत में
मालवीय नगर रेस्टोरेंट अग्निकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए होटल के मालिक को हिरासत में ले लिया है। वह हादसे के बाद से ही फरार चल रहा था।
घायल 10 पुलिसकर्मी एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
अग्निकांड में बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के दौरान घायल हुए 10 पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ये सभी 'रेड ज़ोन' में थे, लेकिन अब इनकी हालत स्थिर है।
हादसे में जान गंवाने वालों में 11 विदेशी नागरिक
दक्षिण जिला के मालवीय नगर थाना अंतर्गत हौजरानी इलाके में स्थित 'फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' नाम से चले रहे रेस्तरां कम होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से जिन 21 लोगों की मौत हुई है उनमें 11 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
नौ व्यक्तियों की स्थिति बनी हुई है गंभीर
अग्निकांड में प्रभावित कुल 57 व्यक्तियों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें से 21 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 17 लोग घायल पाए गए। नौ व्यक्तियों की स्थिति गंभीर बताई गई। वहीं लोगों को बचाने में 10 पुलिस व फायर कर्मी भी झुलस गए, उनका उपचार एम्स ट्रामा सेंटर में चल रहा है। घटनास्थल पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। खोज एवं बचाव अभियान दोपहर 12:12 बजे तक पूर्ण कर लिया गया। वहीं घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गेस्ट हाउस में फंसे थे 30-40 लोग
दूसरे, तीसरे व चौथे तल पर कई लोग फंसे थे। बगल वाली गली में गद्दे बिछा दिए गए और छह-सात लोगों ने ऊपर से कूदकर खुद को आग से बचाया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह 8.50 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। बेसमेंट के दो कमरों में कुछ लोग थे। बाहर से शटर बंद था, जिसे तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं गेस्ट हाउस में 30-40 लोगों के फंसे होने की सूचना पर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम भी मौके पर पहुंची।
घटना के वक्त 60 लोग थे मौजूद
घटना के समय भवन में लगभग 60 लोग मौजूद थे। भूतल पर ही गेस्ट हाउस का रेस्तरां था। आग किचन से शुरू हुए और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। प्रवेश और निकासी के लिए केवल एक ही रास्ता होने से ज्यादातर लोग अंदर ही फंस गए। धुएं के चलते दम घुटने से भी कई लोगों की मौत हुई है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक आग सुबह लगभग 8.30 बजे लगी। मेन गेट से धुआं निकलने लगा। अंदर फंसे लोगों के बचाने के लिए जैसे ही कांच तोड़ा गया, तो आग भड़क उठी।
दिल्ली एलजी और मंत्री आशीष सूद ने की बैठक
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टी.एस. संधू और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने आज मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद आग से बचाव, नियमों के प्रवर्तन और पीड़ितों को तत्काल राहत देने के लिए एक व्यापक, बहु-विभागीय कार्ययोजना तैयार करने के लिए एक आपातकालीन उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस घटना की जांच और जिम्मेदारी तय करने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
मालवीय नगर अग्निकांड की होगी उच्चस्तरीय जांच, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। महापौर ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली LG सक्सेना ने मीटिंग बुलाई
दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधु शाम को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ घटना का रिव्यू करने के लिए एक हाई-लेवल मीटिंग करेंगे।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने भी इस घटना के संबंध में गैर-इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दूसरी संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।
80 के दशक में बनी थी इमारत
मालवीय नगर की जिस इमारत में आग लगी है, वह 80 के दशक की बनी हुई है। धीरे-धीरे समय के साथ अवैध तरीके से बिल्डिंग में फ्लोर की संख्या बढ़ती चली गई लेकिन आज तक किसी भी विभाग के किसी अधिकारी ने यहां इंस्पेक्शन करने की जहमत नहीं उठाई।
केजरीवाल ने मौतों पर जताया शोक
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'दिल्ली के मालवीय नगर में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। आज मालवीय नगर में इतनी बड़ी घटना हो गई। 20 लोगों की मौत की दुखद ख़बर आ रही... दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और मासूम लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं।'
फर्स्ट फ्लोर से लोग लगा रहे थे बचाओ बचाओ की अवाज: प्रत्यक्षदर्शी

सुबह मैं पार्क में टहल रहा था तभी धुंआ निकलता दिखाई दिया। भागकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि फर्स्ट फ्लोर से लगाओ हेल्प हेल्प की आवाज लगा रहे थे। एक विदेशी व्यक्ति तभी फर्स्ट फ्लोर से कूदने के चक्कर में लटक गया था। हादसे वाली बिल्डिंग के पीछे बिस्तर बनाने वाली दुकान थी वहां नीचे बिस्तर रखा जिसपर चार लोगों ने कूदकर जान बचाई। यह कहना है प्रत्यक्षदर्शी अश्विन का। उन्होंने करीब 4- 5 लोगों को और लोगों की मदद से रास्ते से जा रही एम्बुलेंस रोककर सबसे पहले अस्पताल पहुंचाया। बताते हैं कि चंद मिनटों में ही आग पूरी तरह बिल्डिंग में फैल गई ।
परिवार के आठ लोगों की मौत
गुरुग्राम निवासी विवेक, उनकी पत्नी, दो बेटियां और मां सहित बीमार पिता से मिलने आए मौसा, मौसी और मामा इस हादसे का शिकार हो गए। ये जानकारी विवेक के ससुर प्रेम बंसल ने दी। इस घटना में मौसा मिसिंग बताए जा रहे हैं। इनके नाम निम्न हैं-
- विवेक अग्रवाल
- तर्जनी अग्रवाल, पत्नी
- प्रेमलता अग्रवाल, मां (विवेक की)
- एंजल अग्रवाल (बड़ी बेटी)
- पर्ल (छोटी बेटी)
- अशोक गोयल (मामा)
- कमला (मौसी)
- झुमरी लाल (मौसा)
- मामाजी किशनगंज से आए थे
- मौसा-मौसी अजमेर से आए थे
इनमें मौसाजी मिसिंग हैं, जबकि अन्य सभी की मौत हो चुकी है।
10 दमकलकर्मी भी एम्स में भर्ती
एम्स में 10 दमकलकर्मी भी भर्ती हैं। ये लोग राहत कार्य के समय घायल हुए थे।
चीफ फायर ऑफिसर ने गिनाईं इमारत की खामियां
चीफ फायर ऑफिसर ने ये भी कहा, 'उचित वेंटिलेशन या धुएं के निकास के लिए एक भी खिड़की खुली नहीं छोड़ी गई है। आग लगने की स्थिति में, इस तरह से बनी संरचनाएं चिमनी की तरह काम करती हैं। जैसे ही आग लगती है, बंद स्तंभ घने धुएं और तीव्र गर्मी को तुरंत ऊपरी मंजिलों तक धकेल देता है। यह इतनी तेजी से होता है कि अंदर रहने वाले लोग पूरी तरह से अलग-थलग पड़ जाते हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने का समय नहीं मिलता। प्राइम एशिया के साथ बचाव अभियान चलाते समय, हमें तुरंत पता चला कि इमारत में आंतरिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली का पूरी तरह से अभाव था
एक ही सीढ़ी थी निकलने के लिए: चीफ फायर ऑफिसर
चीफ फायर ऑफिसर ने ये भी बताया कि तलाशी अभियान के दौरान मैंने इमारत का ऊपर से नीचे तक अच्छी तरह निरीक्षण किया। इमारत में एक तहखाना, एक भूतल और पांच ऊपरी मंजिलें हैं। पूरी इमारत में केवल एक ही लिफ्ट के बगल में एक अकेली सीढ़ी थी और इमारत पूरी तरह से सीलबंद है। सामने का मुखौटा पूरी तरह से ढंका हुआ है और बाथरूम की खिड़कियों सहित हर एक खिड़की को कसकर बंद कर दिया गया है।
कई विदेशी भी हैं पीड़ित: मुख्य अग्निशमन अधिकारी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिलाष कुमार मलिक ने आगे बताया कि हमने जानकारी जुटाने के लिए विभिन्न अस्पतालों में टीमें भेजी हैं। हमें अभी-अभी मैक्स अस्पताल से जानकारी मिली है। 38 लोग भर्ती हैं, जिनमें से 18 की मौत हो गई है और 20 घायल हैं। हमारे जो लोग वहां मौजूद थे, उन्होंने बताया कि वहां कुछ विदेशी भी थे हमारा एक दमकलकर्मी भी घायल हो गया; उसके हाथ में मामूली चोट आई है।
हमने 39 लोगों को सुरक्षित निकाला: मुख्य अग्निशमन अधिकारी
दिल्ली दक्षिण जिला के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिलाष कुमार मलिक ने बताया, 'हमें सुबह 8:50 बजे एक रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में 7 वाहन और एक सहायक मंडल अधिकारी को भेजा गया। हालांकि, जैसे-जैसे कॉल बढ़ती गईं, हमने वाहनों की संख्या और अधिकारियों की श्रेणी बढ़ा दी। हमारी टीम के पहुंचने पर, उन्होंने आग बुझाने और तलाशी अभियान चलाया। हमने वहां से 39 लोगों को सुरक्षित निकाला और उन्हें नीरस अस्पताल में भर्ती कराया, कुल पीड़ितों को दो अलग-अलग अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।'
मैक्स में 39 पीड़ित पहुंचे, जिसमें 18 लाए गए मृत
मैक्स अस्पताल जहां 39 लोग लाए गए थे, वहां के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर, डॉ. संदीप बुद्धिराजा ने कहा, मैक्स में लाए गए लोगों में 18 मृत स्थिति में पहुंचे थे। एम्स में तीन लोग मृत स्थिति में पहुंचे। अब तक कुल 21 लोगों की मौत हुई है। 15 की हालत गंभीर है।
Malviya Nagar Delhi Fire News: 74 का किया रेस्क्यू
दुर्घटनाग्रस्त इमारत से कुल 74 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इसमें 39 को मैक्स, 03 को मालवीय नगर हॉस्पिटल और 32 एम्स सहित अन्य अस्पताल भेजे गए हैं।
गेस्ट हाउस के सामने गद्दे की दुकान वाले ने बचाई कई जानें
फ्लोरिश स्टे ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट के ठीक सामने सड़क की दूसरी तरह एक शख्स की गद्दा और चादर बेचने की दुकान है। वह गेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे एस्बेस्टस शीट लगाकर रूई के बने गद्दे बेचता है। आग के दौरान उसके गद्दे बहुत काम आए। गद्दे बेचने वाले शख्स का नाम रियाजुद्दीन मंसूरी है। उसने बताया, आग आठ-साढ़े आठ के बीच लगी। ऊपर पांचवीं मंजिल तक लोग फंसे थे। दुकान का सारा गद्दा निकालकर दोनों तरफ बिछा दिया। चार पांच लोग इस पर कूदे। कुछ को चोट आई है।
सरकारी योजना के तहत चल रहा था गेस्ट हाउस
यह गेस्ट हाउस दिल्ली सरकारी की बेड एंड ब्रेक फास्ट (बीएनबी) स्कीम के तहत चल रहा था। यह योजना केंद्र सरकार की है, जिसे राष्ट्रमंडल खेल के दौरान वर्ष 2010 में लागू किया गया था। उसके तहत छह कमरों को बीएनबी में स्वीकृति थी। उसे अग्निशमन, एमसीडी या पुलिस से मंजूरी की आवश्यकता नहीं है। दिल्ली में ऐसे 1000 से अधिक प्रतिष्ठानों में बीएनबी है।
शीशे से पैक होने के चलते तेजी से फैली आग
जानकारी के अनुसार, पूरा गेस्ट हाउस शीशे से पैक है। आग लगने पर धुंआ इतनी तेजी से फैलना शुरू हुआ कि लोग निकल नहीं पाए। लोगों को शीशा तोड़कर निकाला गया तब तक अधिकतर झुलस चुके थे। तीन महीने पहले हुए पालम अग्निकांड जिसमें 9 लोगों की जान गई थी उसमें भी घर शीशे से ही पैक था जिसके चलते आग तेजी से फैली थी और लोग निकल नहीं पा रहे थे।
गृह मंत्री ने जताया शोक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, 'स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। इस हृदयविदारक त्रासदी में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
MCD निगमायुक्त कुछ देर में पहुंचेंगे घटनास्थल
निगमायुक्त संजीव खिरवार व स्थायी समिति चेयरपर्सन सत्या शर्मा मौके पर पहुंच रही हैं। वहीं महापौर प्रवेश वाही एक सरकारी कार्यक्रम के तहत ऋषिकेश गए हुए हैं। वहां वह मेयर कॉन्फ्रेंस में शिरकत करने गए हैं।
सब पर कार्रवाई होगी, थोड़ा सब्र रखिए: आशीष सूद
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने मालवीय नगर में आग लगने की घटना पर कहा, 'लापरवाही के लिए जिम्मेदार इमारत के मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा।' वह आगे बोले, सभी जिम्मेदार लोगों को पर कार्रवाई होगी सब्र रखें।
Delhi Fire News Today: 47 लोगों को बचाया गया: एसडीएम
दिल्ली के मालवीय नगर के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया, हमारा खोज और बचाव अभियान 12:12 पर खत्म हो चुका है। कुल 47 लोगों को रेस्क्यू किया गया है और 21 लोगों की मृत्यु हुई है, 2-3 लोगों की हालत गंभीर है। इमारत के नीचे कोई होटल स्थित है हालांकि अग्निशमन विभाग इस बात की पुष्टि नहीं कर पाया है कि आग लगने के क्या कारण है। आग ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी।
Delhi Fire News Updates: गैर इरादतन हत्या की धारा में केस की तैयारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे वाले होटल में आने-जाने का केवल एक ही रास्ता था। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 21 लोगों में से ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं। वहीं, लगभग 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें भी विदेशी नागरिकों की संख्या अधिक है। पुलिस इस मामले में गैर-इरादतन हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
Delhi Fire News Live: 6 कमरे की परमिशन, 25 बने थे
इस रेस्टोरेंट के ऊपर बने गेस्ट हाउस में 6 कमरे की ही परमिशन ली गई थी लेकिन यहां 25 कमरे बनाए गए थे।
एम्स में भर्ती हुए 13 मरीज
एम्स के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें 13 मरीज मिले। इनमें से 3 ऊंचाई से गिरे थे और उनकी हालत गंभीर है। इसके साथ ही 10 लोगों को दिल्ली पुलिस ने बचाया था।
राहुल गांधी ने जताया शोक
मालवीय नगर की हृदयविदारक घटना पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है, 'दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।'
दिल्ली: मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में आग से 21 लोगों की मौत, मरने वालों में ज्यादातर विदेशी
सौरभ भारद्वाज घटनास्थल पहुंचे, उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना पर कहा, फरवरी के अंदर पालम में आग लगी, 9 लोग जलकर मर गए, सरकार ने कहा जांच करवाएंगे लेकिन जांच की रिपोर्ट 3 महीने बाद भी नहीं आई।
विवेक विहार में आग लगी, फायर ब्रिगेड में पानी नहीं था, लोग मरे। अब 20 से 21 लोग यहां जलकर मरे हैं। सरकार को कहना चाहिए कि हमारी फायर ब्रिगेड लेट पहुंची, हमें इस बात का दुख है। लेकिन सरकार ने अपनी टूलकिट सक्रिय कर दी। जो लोग यहां पर मजबूरी वश बाहर से आए हैं, मजबूरी वश छोटे मकानों और होटलों में रहकर अपने परिवार के लोगों का इलाज करवा रहे हैं आप उल्टा उन्हीं पर दोष मढ़ रहे हैं?
सौरभ ने कहा, सरकार को अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए, सरकार जिम्मेदार अफसरों की जिम्मेदारी तय करे और ठोस कार्रवाई करे तो इस तरह से हादसे रुक सकते हैं।
सीएम ने जताया शोक, कहा- मामले पर है पूरी नजर
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'मालवीय नगर में हुए इस विनाशकारी आग के हादसे में कई जिंदगियों के नुकसान से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।' सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, कैट्स एंबुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू और राहत अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया। सरकार पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
अभी भी जारी है राहत-बचाव कार्य
घटनास्थल पर अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है। कमरों में गहन तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और न फंसा हो। सभी संबंधित प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात हैं और पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दम घुटने से हुईं कई मौतें
धुएं और लपटों के बीच से 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है। बेहद दुखद पहलू यह रहा कि डॉक्टरों ने इस हादसे में 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया है। इनमें कई की मौत दम घुटने और झुलसने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।
चलाया गया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचीं दमकल की आठ गाड़ियों ने स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस, फायर सर्विस और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों के आपसी समन्वय के चलते एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
आग लगने पर मची चीख-पुकार
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सुबह करीब 08:48 बजे मालवीय नगर के इस गेस्ट हाउस में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव व राहत कार्य शुरू किया। सुबह का वक्त होने के कारण अधिकांश लोग गेस्ट हाउस के कमरों में ही थे, जिससे वहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
40 से ज्यादा लोगों को निकालकर कराया भर्ती
राजधानी के मालवीय नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बुधवार सुबह यहां स्थित 'फ्लरिश स्टे बीएंडबी' गेस्ट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पीएम ने जताया दुख, किया मुआवजे का एलान
मालवीय नगर में हुए हादसे में पीएम मोदी ने शोक जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया है और मुआवजे का भी एलान किया है। पीएम इंडिया के एक्स से पोस्ट किया गया है, 'दिल्ली के मालवीय नगर में लगी आग में हुई जानमाल की हानि बेहद दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'
कई लोग जान बचाने को बिल्डिंग से कूदे
सुबह करीब 11 बजे तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई और 17 लोगों के घायल होने की बात सामने आई। बिल्डिंग के नीचे चल रहा था रेस्टोरेंट, जहां ली आग बिल्डिंग में फैल गई। कई लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग से नीचे कूदे।
सुबह करीब 8.00 बजे लगी आग
मालवीय नगर के हौजरानी स्थित एक रेस्तरां में बुधवार सुबह आठ बजे आग लग गई। फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह 8.50 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।