पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में हाइवे पार करते समय करंट लगने से युवक की मौत, पिलर नंबर 52 बना काल
पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में गुरुवार को एक व्यक्ति की हाइवे पार करते समय करंट लगने से मौत हो गई। बारिश के दौरान डिवाइडर की ग्रिल पर चढ़ते समय ल ...और पढ़ें

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
HighLights
शास्त्री पार्क में हाइवे पार करते समय व्यक्ति को लगा करंट।
बारिश के दौरान डिवाइडर ग्रिल पर चढ़ते हुए हुई घटना।
मृतक की पहचान नहीं हो पाई, पुलिस कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शास्त्री पार्क इलाके में गुरुवार को एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक डिवाइडर की ग्रिल पर चढ़कर हाइवे पार करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना वर्षा के दौरान हुई। पिलर के पास लाइट का बॉक्स लगा हुआ था, जिससे व्यक्ति को करंट लगा। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह 10 बजे की है घटना
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क में देहरादून एक्सप्रेसवे के पास हाई-वोल्टेज बिजली के तारों के संपर्क में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। युवक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। पुलिस को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि देहरादून एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 52 के पास डिवाइडर पर एक युवक बेहोश पड़ा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बेजान हालत में पाया।
पिलर नंबर 52 बन गया काल
इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके का मुआयना करने के लिए बुलाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'प्रारंभिक जांच से पता चला कि मृतक ने डिवाइडर पर लगे करीब छह फुट ऊंचे रेलिंग को पार करके पिलर नंबर 52 के पास लगे बिजली पैनल पर कदम रखा।' पुलिस को संदेह है कि बिजली पैनल पर कदम रखने के बाद युवक हाई-वोल्टेज तारों के संपर्क में आ गया, जिससे उसे करंट लग गया। उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
शव को पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल के मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा, 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंचा।'