दिल्ली के मंगोलपुरी में चाकूबाजी से आधा दर्जन लोग घायल, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी में शुक्रवार शाम चाकूबाजी की घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मंगोलपुरी के एल ब्लॉक में चाकूबाजी की वारदात।
हमले में करीब आधा दर्जन लोग हुए घायल।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र के एल ब्लॉक में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चाकूबाजी की वारदात से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तीन-चार युवक इलाके में पहुंचे और कुछ लोगों के साथ मारपीट के बाद चाकू से हमला कर दिया। हमले में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इनमें से दो घायलों को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों में करीब 50 वर्षीय घनश्याम और 65 वर्षीय बाबूलाल भी शामिल हैं। घनश्याम की कमर और बाबूलाल की उंगली में चाकू लगा है।
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
