संतकबीरनगर: सराफा दुकान के पास बाइक खड़ा करने पर विवाद, चाकूबाजी में घायल हुए दो कारोबारी
संतकबीरनगर के महुली बाजार में बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दो सराफा कारोबारी चाकूबाजी में घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सराफा दुकान के पास बाइक पार्किंग को लेकर हुआ विवाद।
चाकूबाजी में दो सराफा कारोबारी गंभीर रूप से घायल।
पुलिस मामले की जांच कर रही, दोनों पक्षों ने दी तहरीर।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। महुली बाजार में सराफा दुकान के पास बाइक खड़ा करने को लेकर सोमवार को विवाद हो गया। इसके बाद चाकूबाजी हो गई। इससे दो सराफा कारोबारी घायल हो गए। इन दोनों कारोबारियों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर पहुंची महुली पुलिस ने इन दोनों घायल व्यापारियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र(सीएचसी)-नाथनगर में भेजवाया। दोनों कारोबारियों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
महुली बाजार में विशाल वर्मा पुत्र लक्ष्मी वर्मा की सराफा दुकान के पास सोमवार को सुबह करीब सवा दस बजे उनके बगल के सराफा कारोबारी रवि मद्धेशिया पुत्र राजकुमार ने बाइक खड़ी कर दी। इस पर सराफा कारोबारी विशाल वर्मा ने आपत्ति जताई।
विरोध करने पर सराफा कारोबारी रवि मद्धेशिया उनसे विवाद करने लगे। विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई। विशाल का आरोप है कि रवि उन्हें अपनी सराफा दुकान पर खींचकर ले गए। वहां पर उन्होंने सात बार चाकू से वार कर दिया। इससे वह घायल हो गए।
वहीं रवि का कहना है कि विशाल ने उन्हें चाकू मार दी। जिससे उनके सीने में चाकू से चोट लग गई। आसपास के कारोबारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर महुली पुलिस पहुंच गयी। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी-नाथनगर भेजवाया। दोनों पक्ष ने थाने में तहरीर दे दी है। थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
