दिल्ली में 2 लाख रुपये लेकर घर से निकली महिला की बेरहमी से हत्या, PG के बेड बॉक्स में मिली लाश
मंगोलपुरी में 35 वर्षीय महिला की हत्या कर शव को डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया गया। पुलिस ने महिला के दोस्त दीपक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है ...और पढ़ें

दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित पीजी में महिला की हत्या। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
मंगोलपुरी में महिला की हत्या, शव बेड बॉक्स में छिपाया
दोस्त दीपक सहित तीन आरोपी पुलिस ने किए गिरफ्तार
पीजी में बुलाकर गला घोंटा, धारदार हथियार से हमला
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मंगोलपुरी इलाके में मंगलवार शाम एक पीजी में 35 वर्षीय महिला की हत्या कर शव डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया। पीजी के एक कर्मचारी ने बेड में शव देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पीजी मालिक अमरजीत ने पुलिस को बताया कि उसने कमरा अपने दोस्त दीपक को दिया था। दीपक एक महिला को लेकर कमरे पर आया था। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू की।
धारदार हथियार से मारने के बाद घोंटा गला
इस दौरान पता चला कि महिला पर किसी धारदार हथियार से हमला करने के साथ ही उसका गला भी घोंटा गया था। बाद में शव को कंबल में लपेटकर बेड के बॉक्स में डाला दिया गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर महिला के प्रेमी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान प्रेमी दीपक के अलावा सुरेंद्र उर्फ बाबी और जोगिंदर के रूप में हुई है।
आशंका है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया हो। शव को ठिकाने लगाने में उसके दोस्त व रिश्तेदार सुरेंद्र व जोगिंदर ने उसकी मदद की। बुधवार को संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
खबरें और भी
महिला के दो बेटे और एक बेटी
बाहरी जिला के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि महिला परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में पति के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। महिला का पति एक निजी कंपनी में नौकरी करता है जबकि खुद वह कोठियों में जाकर घरेलू सहायिका का काम करती थी।
मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपनी बेटी को ट्यूशन तक छोड़ने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह नहीं लौटी। शाम 6:30 बजे बेटी का ट्यूटर उसे लेकर घर पहुंंचा। बाद में महिला को गायब होने का पता चला।
इसके बाद परिजनों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस बीच महिला के फोन से किसी अज्ञात व्यक्ति का काल कर बताया कि उद्योग नगर में यह फोन सड़क पर पड़ा मिला है। जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे और महिला की गुमशुदगी दी। देर रात परिजनों को महिला की हत्या का पता चला।
कई सालों से थी दीपक की महिला से दोस्ती
महिला के घर के पास आरोपित मीट की रेहड़ी लगाता है। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और अक्सर दोनों मिलने लगे। इस बात का महिला के परिजनों को भी पता चल गया। उन्होंने महिला को समझाया भी। इसके बाद उसने दीपक से मिलना-जुलना कम भी कर दिया।
इस बीच करीब नौ माह पूर्व दीपक की शादी हो गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि दीपक महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपित जबरन उसे बुलाता था। मंगलवार भी आरोपी ने काॅल कर उसे बुलाया था।
वहीं पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने कहासुनी के बाद महिला पर धारदार हथियार से वारकर उसे जख्मी किया। बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मंगलवार को महिला दो लाख रुपये लेकर घर से निकली थी। आरोपितों ने बकायदा योजना बनाकर उसे मौत के घाट उतारा है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'शादीशुदा लिव-इन कपल को भी निजी स्वतंत्रता का अधिकार', दिल्ली हाई कोर्ट का अहम फैसला