NDMC को मिला नया अध्यक्ष, IT दिल्ली से B.Tech और 30 साल का अनुभव; पद संभालते ही IAS मनोज द्विवेदी ने दिए ये ऑर्डर
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनोज कुमार द्विवेदी ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष का पदभार संभाला। ...और पढ़ें

एनडीएमसी के नए चेयरमैन।
HighLights
मनोज द्विवेदी ने एनडीएमसी अध्यक्ष का पदभार संभाला।
उन्होंने परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं की समीक्षा की।
नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1997 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ अधिकारी मनोज कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया।
उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद परिषद के सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ काम करते हुए नागरिक-केंद्रित सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मनोज कुमार द्विवेदी ने केशव चंद्रा का स्थान लिया है। केशव चंद्रा को केंद्र सरकार ने कोयला मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया है।
किन परियोजनाओं और विकास कार्यों की ली जिम्मेदारी
एनडीएमसी के अनुसार बैठक में द्विवेदी ने परिषद की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं, विकास कार्यों और सेवा वितरण की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि राजधानी के वीआईपी क्षेत्र में रहने वाले लोगों और यहां आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता होगी।
द्विवेदी इससे पहले केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में अपर सचिव (स्थापना) के पद पर कार्यरत थे। वह वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग में भी अपर सचिव रह चुके हैं। हाल ही में उन्हें प्रतिनियुक्ति से वापस एजीएमयूटी कैडर में भेजा गया था।
पढ़ाई और करियर
आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कर चुके द्विवेदी करीब तीन दशक का प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
वह सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव, वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव तथा लेह, राजौरी और जम्मू के उपायुक्त भी रह चुके हैं।
एनडीएमसी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में परिषद स्मार्ट प्रशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और नागरिक सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगी।