Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मानसून में जलभराव से निपटने के लिए MCD की सख्ती, नालों में कूड़ा फेंकने पर अब लगेगा जुर्माना

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 12:45 PM (IST)

    एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने यमुनापार में मानसून की तैयारियों की समीक्षा की और जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई व डी-सिल्टिंग के निर्देश दिए। ...और पढ़ें

    नालों में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई। फोटो: आर्काइव

    नालों में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई। फोटो: आर्काइव

    HighLights

    1. आयुक्त ने यमुनापार में मानसून तैयारियों की समीक्षा की

    2. नालों में कूड़ा फेंकने पर जुर्माना लगाने के निर्देश

    3. भजनपुरा ड्रेन की नियमित सफाई और डी-सिल्टिंग पर जोर

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मानसून की शुरुआती बारिश से हुए जलभराव और नालों के ओवरफ्लो की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए एमसीडी ने यमुनापार में तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है।

    इसी क्रम में निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने उत्तरी-पूर्वी जोन के भजनपुरा ड्रेन का निरीक्षण कर अधिकारियों को नियमित सफाई व डी-सिल्टिंग कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि नालों में कूड़ा फेंकने से जल निकासी बाधित होती है और जागरूकता के बावजूद ऐसा करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।

    भजनपुरा ड्रेन की सफाई व्यवस्था पर जोर

    निरीक्षण के दौरान स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्य शर्मा, उत्तरी-पूर्वी जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा, रेखा रानी, ज़ोन की उपायुक्त ममता यादव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

    आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अधिक कूड़ा डाला जाता है, वहां डस्टबिन लगाए जाएं तथा डी-सिल्टिंग से निकले सिल्ट और कचरे का तत्काल उठान सुनिश्चित किया जाए।

    उन्होंने 5.5 मीटर चौड़ी ड्रेन में प्रत्येक कल्वर्ट से पहले जाल लगाने तथा जिन हिस्सों में डी-सिल्टिंग संभव नहीं है, वहां जाल से कवर करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा, ताकि कूड़ा नालों में जाने से रोका जा सके।

    इस दौरान अधिकारियों ने जोन में ड्रेन की सफाई, सड़कों की मरम्मत और मानसून की तैयारियों की जानकारी दी, जिस पर आयुक्त ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

    गौतमपुरी और उस्मानपुर में भी किया निरीक्षण

    इसके बाद आयुक्त ने गौतमपुरी वार्ड का निरीक्षण किया, जहां एमसीडी पार्किंग में लंबे समय से खड़े अनुपयोगी वाहनों को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए।

    न्यू उस्मानपुर स्थित एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर का संचालन संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    वहीं, जर्जर और लंबे समय से खाली पड़े एमसीडी फ्लैटों के बेहतर उपयोग के लिए व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देने के बाद उन्होंने सीलमपुर स्थित निगम विद्यालय का भी दौरा किया।

    यह भी पढ़ें- 'आपकी टाइमलाइन मेल न खाने से छात्रों को परेशानी नहीं होनी चाहिए', CBSE और JSAA को दिल्ली HC की दो टूक