विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में मच्छरों पर एमसीडी का बड़ा अभियान, 75 किमी रेलवे ट्रैक पर चलेगी ‘मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन’

Updated: Fri, 21 Aug 2026 11:45 PM (IST)

दिल्ली में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एमसीडी ने 'मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026' अभियान शुरू किया है। यह अभियान उत्तर रेलवे के साथ मिलकर 75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में एंटी-लार्वल दवाइयों का छिड़काव करेगा, जो सितंबर तक चलेगा।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन को हरी झंडी दिखाते महापौर प्रवेश व एमसीडी व एनडीएमसी के अधिकारी। सौजन्य- एमसीडी

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन को हरी झंडी दिखाते महापौर प्रवेश व एमसीडी व एनडीएमसी के अधिकारी। सौजन्य- एमसीडी

HighLights

  1. एमसीडी ने मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को अभियान छेड़ा।

  2. 'मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन' 75 किमी रेलवे ट्रैक पर दवा छिड़केगी।

  3. अभियान सितंबर तक चलेगा, जनभागीदारी की अपील की गई।

जागरण संवाददाता नई दिल्ली। दिल्ली में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एमसीडी ने विशेष अभियान शुरू किया है।

शुक्रवार को महापौर प्रवेश वाही ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मास्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निगम और उत्तर रेलवे के संयुक्त अभियान के तहत पहले चरण में करीब 75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक और उसके आसपास के क्षेत्रों में एंटी-लार्वल दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा।

मच्छरों के प्रजनन चक्र को शुरूआत में ही रोकना लक्ष्य

महापौर ने कहा कि वर्षा के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे निचले इलाकों और अन्य स्थानों पर पानी जमा होने से मच्छरों के प्रजनन की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन चक्र को शुरुआती स्तर पर ही रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ दिल्ली ही स्वस्थ दिल्ली की मजबूत नींव है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छता, जलभराव रोकने और मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को समय रहते खत्म करना जरूरी है।

अभियान से पहले निगम ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान की। अब चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-लार्वल दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।

इसके लिए पावर स्प्रे टैंकर ट्रेन के साथ चलेंगे, जिससे उन स्थानों पर भी दवा पहुंचाई जा सकेगी जहां सामान्य तरीके से पहुंचना मुश्किल है।

अभियान के तहत नई दिल्ली से राठधाना, आदर्श नगर-बादली, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, सफदरजंग, किशनगंज, सदर बाजार, दिल्ली कैंट, पालम-गुड़गांव, फरीदाबाद और ओखला-तुगलकाबाद समेत विभिन्न रेलवे मार्गों को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा। अभियान सितंबर तक चलेगा।

केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं 

अभियान की निगरानी संबंधित जोन के स्वास्थ्य अधिकारियों, सहायक मलेरिया अधिकारियों, मलेरिया अधीक्षकों और एपिडेमियोलॉजिस्ट द्वारा की जाएगी। प्रत्येक ट्रिप के लिए पावर स्प्रे टैंकर, चालक, पानी और आवश्यक इंसैक्टिसाइड व लार्विसाइड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। निगम और उत्तर रेलवे की टीमें समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाएंगी।

महापौर ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को केवल निगम की जिम्मेदारी न समझें। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाना संभव नहीं है।

यह भी पढ़ें- जम्मू में डेंगू ने बढ़ाई टेंशन! एक हफ्ते में 15 नए केस, 130 पहुंचा आंकड़ा; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी