एमसीडी की टाउन वेंडिंग कमेटियों के लिए पहली बार चुनाव, 41% मतदान हुए
दिल्ली में एमसीडी की 23 टाउन वेंडिंग कमेटियों के लिए हुए पहले चुनाव में 41% मतदान हुआ, जिसकी मतगणना मंगलवार को होगी। हालांकि, सिविल लाइंस और ग्रीन पार ...और पढ़ें

दिल्ली में एमसीडी की 23 टाउन वेंडिंग कमेटियों के लिए हुए पहले चुनाव में 41% मतदान हुआ
HighLights
23 एमसीडी टाउन वेंडिंग कमेटियों के लिए चुनाव संपन्न।
कुल 41% मतदान दर्ज, मंगलवार को आएंगे नतीजे।
नास्वी ने सिविल लाइंस, ग्रीन पार्क में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एमसीडी की 23 टाउन वेंडिंग कमेटियों (टीवीसी) के गठन के लिए रविवार को 12 क्षेत्रों में मतदान शांतिपू्र्ण संपन्न हुआ। वर्ष 2014 में आए कानून के बाद स्ट्रीट वेंडर्स (प्रोटेक्शन आफ लाइवलीहुड एंड रेगुलेशन आफ स्ट्रीट वेंडिंग) अधिनियम के तहत यह पहला चुनाव था।
इसमें 90 हजार पंजीकृत मतदाताओं में से 37 हजार ने मतदान में हिस्सा लिया। यानि करीब 41 प्रतिशत मतदान हुआ। अब मंगलवार को 17 मतगणना केंद्रों पर मतगणना होगी। बैलेट पेपर के जरिये चुनाव की प्रक्रिया हुई है। इसलिए मत पेटियों को 15 स्ट्रांग में सीसीटीवी और पुलिस सुरक्षा के बीच रखा गया है।
एमसीडी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की निगरानी मुख्य चुनाव अधिकारी एवं अपर आयुक्त संजीव मित्तल के नेतृत्व में की गई। केंद्रीय लाइसेंसिंग विभाग, जोनल उपायुक्तों और रिटर्निंग अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया का संचालन किया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, मतदाता सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं।
निगम ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी 12 जोनों के नियंत्रण कक्षों से प्रति घंटे मतदान प्रतिशत और मतदान की प्रगति की समीक्षा की जाती रही। इससे पूरे दिन निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित और बिना किसी बाधा के संचालित होती रही। मतदान के दौरान किसी भी मतदान केंद्र से किसी अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की सूचना नहीं मिली।
खबरें और भी
निगम का कहना है कि टाउन वेंडिंग कमेटियां स्ट्रीट वेंडरों के हितों की रक्षा, उनके सर्वेक्षण, वेंडिंग जोन के निर्धारण और वेंडिंग से जुड़े विभिन्न मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए इन समितियों का गठन स्ट्रीट वेंडर्स के प्रतिनिधित्व और सहभागी शहरी प्रशासन की दृष्टि से अहम माना जाता है।
वेडिंग एरिया प्लान बनने की जगी उम्मीद
दिल्ली में जगह-जगह रेहड़ी पटरी लगी होती है। कई जगह पर इनके कारण जाम और अन्य दिक्कतें होती हैं। इसको नियमानुसार वेडिंग एरिया प्लान बनाकर ठीक किया जा सकता है। जिस प्वाइंट पर कोई पटरी या रेहड़ी से दिक्कत हैं तो उसे स्थानांतरित करने की शक्ति इसी टीवीसी के पास होती है। प्रत्येक टीवीसी इसको लेकर निर्णय लेती है। नियमानुसार सभी जोन में वेडिंग प्लान बनने हैं जिन्हें इन कमेटियों के परामर्श से लागू किया जाएगा।
सिविल लाइंस और ग्रीन पार्क में चुनाव पर नास्वी ने उठाए सवाल
टीवीसी के चुनाव के दौरान सिविल लाइंस और ग्रीन पार्क जोन में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। नेशनल एसोसिएशन आफ स्ट्रीट वेंडर्स आफ इंडिया (नास्वी) ने इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
नास्वी का आरोप है कि कई पात्र स्ट्रीट वेंडर मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण मतदान से वंचित रह गए। कुछ स्थानों पर मतदान केंद्रों की जानकारी स्पष्ट नहीं होने और एक ही केंद्र होने से लंबी कतारें लगीं। संगठन ने दावा किया कि सिविल लाइंस जोन में गंभीर शिकायतों के बाद चुनाव रद्द कर दिया गया, जबकि ग्रीन पार्क में मतदान कक्ष बंद कर अनियमितताएं किए जाने के आरोप हैं।
संगठन ने कहा कि उसने पहले ही नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर शिकायतों की जांच की मांग की थी। साथ ही एमसीडी से सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।