इलाज के लिए भारत आए मंगाेलियाई नागरिक दिल्ली में हुए लापता, पुलिस ने ढूंढ निकाला
मेडिकल उपचार के लिए भारत आए मंगोलियाई नागरिक बयाम्बा सुरेन दिल्ली में लापता हो गए थे। राजेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में ...और पढ़ें

दिल्ली में इलाज के लिए आए मंगोलियाई नागरिक हुए लापता, पुलिस ने खोजा। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
इलाज के लिए भारत आए मंगोलियाई नागरिक दिल्ली में हुए लापता।
राजेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित ढूंढ निकाला।
टहलते समय रास्ता भटकने के कारण परिवार से बिछड़ गए थे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मेडिकल उपचार के लिए भारत आए मंगोलियाई नागरिक लापता हो गए। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें कीर्ति नगर से सुरक्षित बरामद कर परिवार से मिलाया।
उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, मंगोलियाई नागरिक बयाम्बा सुरेन इलाज के लिए भारत आए थे। नौ अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह टहलने के लिए बाहर निकले, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी राजेंद्र नगर थाने पहुंचीं और पति के लापता होने की शिकायत दी।
पुलिस टीम ने तलाश अभियान शुरू कर दिया
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तलाश अभियान शुरू कर दिया। संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए उनके मूवमेंट और संभावित रास्तों को ट्रैक किया। लगातार की गई जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के बाद पुलिस ने 10 अगस्त को कीर्ति नगर थाना क्षेत्र में बयाम्बा सुरेन को सुरक्षित तलाश लिया।
इसके बाद उन्हें उनकी पत्नी के पास पहुंचाया गया। पुलिस से बातचीत में मंगोलियाई नागरिक ने बताया कि वह किसी संदिग्ध परिस्थिति में लापता नहीं हुए थे। टहलने के दौरान वह रास्ता भटक गए थे और अपने ठहरने की जगह वापस जाने का रास्ता नहीं ढूंढ पा रहे थे।