5 दिन बाद भी मिस्ट्री बैग की गुत्थी बरकरार, दिल्ली के मोती नगर में मिला सड़ा शव बना पहेली
पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में राम रोड स्थित प्रेम नगर फाटक के पास एक संदिग्ध बैग में मिले सड़े-गले शव का मामला पांच दिन बाद भी अनसुलझा है। ...और पढ़ें
-1775752682240_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI-generated
HighLights
मोती नगर में संदिग्ध बैग में मिला सड़ा-गला शव।
पुलिस 5 दिन बाद भी मृतक की पहचान नहीं कर पाई।
शव रस्सी से बंधा मिला, हत्या या साजिश की आशंका।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिला के मोती नगर स्थित राम रोड के प्रेम नगर फाटक के पास संदिग्ध बैग में मिले सड़े-गले शव का मामला अब भी अनसुलझा है। हैरानी की बात यह है कि 4 अप्रैल को सामने आई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस अब तक न तो मृतक की पहचान कर पाई है और न ही यह स्पष्ट कर सकी है कि यह हत्या है या किसी साजिश का हिस्सा।
फैक्ट्री के बाहर पड़े सफेद प्लास्टिक बैग से शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन शुरुआती जांच के बावजूद केस में कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है।
शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं
करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बुरी तरह सड़ा हुआ था, जिससे अंदेशा है कि हत्या कई दिन पहले की गई होगी। शव को रस्सी से बांधकर फैक्ट्री गेट के बाहर फेंका गया था, जो संगठित तरीके से सबूत छुपाने की कोशिश की ओर इशारा करता है।
सूत्रों के अनुसार, शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारण को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन रिपोर्ट का इंतजार अभी भी जारी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजधानी के बीचोंबीच एक लाश कई घंटों तक पड़ी रही, लेकिन न तो किसी को भनक लगी और न ही अब तक उसकी पहचान हो पाई।
खबरें और भी
पुलिस निगरानी पर उठे सवाल
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने, आसपास के लोगों से पूछताछ करने और जांच जारी होने की बात कह रही है, लेकिन 5 दिन बाद भी जांच ठोस दिशा नहीं पकड़ पाई है। वहीं एक व्यवसायिक क्षेत्र में इस प्रकार एक व्यक्ति का शव खुलेआम फेंक कर कोई चला गया पर किसी को भनक तक नहीं लगी, यह क्षेत्र में पुलिस निगरानी पर सवाल खड़े करती है।