मुंडका अंडरपास की बदहाली: गड्ढे और जलभराव से बढ़ रहे हादसे, 50 हजार लोग प्रभावित
मुंडका अंडरपास की बदहाली से वाहन चालक परेशान हैं। जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह खतरनाक ...और पढ़ें

मुंडका अंडरपास में जलभराव और गड्ढ़ों से वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी।
HighLights
मुंडका अंडरपास में जलभराव और अनगिनत गहरे गड्ढे।
दुपहिया वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार हो रहे।
पांच वर्षों से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित।
संवाद सहयोगी, बाहरी दिल्ली। मुंडका अंडरपास में जलभराव व गड्ढों के बीच वाहन चालकों का निकलना खतरे से खाली नहीं है। इन गड्ढों में आए दिन दो पहिया वाहन चालक गिरकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। दिल्ली नगर निगम के इस अंडरपास से काफी मशक्कत के बाद वाहन चालक निकल पाते हैं।
वर्ष 2013 में उद्घाटन के कुछ वर्षों बाद ही अंडरपास की स्थिति खराब होना प्रारंभ हो गई। गंदे पानी की निकासी न होने की वजह से अंडरपास में पानी आ रहा है। जिससे सड़क में कई गहरे गड्ढे हो गए। करीब पांच वर्षों से अंडरपास की खस्ता हालत की वजह से आसपास के आधा दर्जन रिहायशी क्षेत्रों के 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं।
शनिवार को दैनिक जागरण टीम ने मुंडका अंडरपास की पड़ताल के दौरान पाया कि अंडरपास में अनगिनत गड्ढें हैं, कई जगहों पर पानी भरा हुआ है। इस बीच वाहन हिचकोले लेते हुए अंडरपास से गुजरते हुए नजर आए। अंडरपास में लाइट भी बंद है, डार्क स्पाट के कराण वाहनों की रफ्तार भी अंडरपास में आते धीमी हो जाती है। वहीं, अंडरपास में करीब 30 से अधिक जगहों पर ढ़क्कन न होने वजह से नाले खुले पड़े हैं।
मानसून में चार से पांच फुट तक भर जाता है पानी
मानसून के समय अंडरपास में करीब पांच फुट से अधिक पानी भर जाता है। ऐसे में अंडरपास से गाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी जाती है। पंप द्वारा पानी निकालने के बाद ही लोगों का अंडरपास में आवाजाही करना संभव हो पाता है। कई बार गड्ढे व जलभराव वाहन चालकों के साथ होने वाले हादसों का कारण भी बनते है।
खबरें और भी
भाग्य विहार निवासी एक राहगीर ने बताया कि मैं रोजाना टिकरी बार्डर के पास काम करने जाता हूं। घर से निकलकर रोहतक रोड तक मुझे ई-रिक्शा लेना पड़ता है। अंडरपास से गुजरते समय मुझे डर लगता है कि गड्ढों की वजह से रिक्शा न पलट जाए। क्योंकि यहां हादसे होते रहते है।
इन क्षेत्रों के लोग हैं प्रभावित
-मुंडका
-रानीखेड़ा
-रसूलपुर
- मदनपुर
- मुंडका औद्योगिक क्षेत्र
- स्वर्ण पार्क
- भाग्य विहार
- एकता विहार
पांच वर्षों से अधिक समय से देख रहा हूं कि पानी का निकास न होने की वजह से अंडरपास में पानी भरा रहता है। जलभराव के कारण अंडरपास में कई गहरे गड्ढे हो चुके हैं। हालात यह है कि यहां से गुजरना काफी मुश्किल है। - बलवान, मुंडका
रोजाना रोहतक रोड से रानी खेड़ा डिपो जाता हूं। बीते कई सालों से अंडरपास की हालत खराब है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। बहुत सारे लोग तो मजबूरी में घूमकर अन्य रास्तों से अपने मंजिलों तक पहुंचते हैं। - अफसर, राहगीर