छठ पर शुरू हो सकती है 'नमो यमुना क्रूज सफारी'-बोलीं CM रेखा गुप्ता, जानें टिकट बुकिंग का तरीका, रूट और किराया
दिल्ली सरकार छठ महापर्व पर यमुना नदी में 'नमो यमुना क्रूज सफारी' शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा ...और पढ़ें
HighLights
छठ महापर्व पर 'नमो यमुना क्रूज सफारी' होगी शुरू।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्रूज का निरीक्षण किया।
सोनिया विहार से जगतपुर तक 30 यात्री कर सकेंगे सफर।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना नदी में क्रूज से यात्रा करने की योजना अब धरातल पर आने वाली है। छठ महा पर्व पर दिल्ली सरकार की इस योजना को शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के साथ क्रूज की सवारी कर तैयारी का लिया जाएजा। इस योजना को 'नमो यमुना क्रूज सफारी' नाम दिया गया है।
कब होगी आम लोगों के लिए घोषणा?
दिल्लीवासियों को जल्द ही यमुना नदी में क्रूज से सवारी करने का मौका मिलने लगेगा। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी की यात्रा के लिए शुरू की जाने वाली क्रूज यात्रा का निरीक्षण किया।
इससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस सेवा का शुभारम्भ कर दिया जाएगा। इस दौरान सीएम के साथ दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्र समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहे। उम्मीद जताई जा रही है छठ महापर्व पर इस यात्रा को आमजनों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
'नमो यमुना क्रूज सफारी' का क्या है रूट, किराया और कैसे लें टिकट?
- यमुना क्रूज सफारी का रूट: क्रूज का संचालन सोनिया विहार से जगतपुर के बीच किया जाएगा। तकरीबन चार से पांच किलोमीटर की इस दूरी को 40 मिनट में तय करने का दावा किया जा रहा है।
- कितना होगा यमुना क्रूज सफारी का किराया: क्रूज में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। इसका किराया प्रति व्यक्ति 500 रुपये तय किया गया है। इसी राशि में जीएसटी जुड़ा हुआ है।
- क्रूज सफारी का टिकट कैसे बुक करें : इसका टिकट दिल्ली पर्यटन विभान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक कराया जा सकेगी। आशा की जा रही है कि क्रूज की यात्रा दिल्लीवासियों और दूसरे प्रदेश से राजधानी आने वाले पर्यटकों को यमुना के तट का विहंगम दृश्य का अनुभव कराएगी।
साल 2025 में रखी गई थी परियोजना की नींव
बता दें कि यह परियोजना नदी की यात्रा आधारित पर्यटन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इसीलिए यह परियोजना वज़ीराबाद बैराज के ऊपरी हिस्से में यमुना के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकसित की जा रही है।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (Inland Waterways Authority of India) (आईडब्ल्यूएआई) और दिल्ली सरकार की एजेंसियों ने मार्च 2025 में एक समझौते पर हस्ताक्षर किये थे।
इसके तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक तकरीबन चार किलोमीटर की दूरी के लिए एक क्रूज पर्यटन का निर्माण करना तय किया गया था।
एक दिन में कम से लगेंगे कम से कम चार चक्कर
इसके लिए जीरो डिस्चार्ज वाले बायो टॉयलेट से लैस बोट का निर्माण किया गया है। इसमें अनाउंसमेंट करने के लिए व्यापक सुविधा के साथ ही सुरक्षा देने वाले जैकेट्स का भी निर्माण किया गया है।
संचालक की ही जिम्मेदारी होगी कि वह पर्यटकों को सुरक्षित यात्रा करवाए। समझौते में इसका भी जिक्र किया गया है कि वातानुकूलित नाव दो साल से पुराने नहीं होने चाहिए। संचालक को एक दिन में कम से कम चार चक्कर लगाने की शर्त रखी गई है।
सीएम ने सोशल मीडिया पर किया एलान
'हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू हो जाए। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ माँ यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज की सैर का आनंद लें और उन्हें राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह मिले। इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।'
-रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री।
यह भी पढ़ें- दिल्ली लोक अदालत में 'न्याय साथियों' ने निपटाए 1.76 लाख मामले, 600 करोड़ का समझौता
