Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    क्रिकेटर मृणांक सिंह गिरफ्तार, ऋषभ पंत समेत कई होटल मालिकों के साथ कर चुका है ठगी

    By Rakesh Kumar Singh Edited By: Sonu Suman
    Updated: Wed, 27 Dec 2023 09:07 PM (IST)

    होटल ताज पैलेस के मालिक से 5.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने हरियाणा के क्रिकेटर मृणांक सिंह को गिरफ्तार किया है। म ...और पढ़ें

    ऋषभ पंत समेत कई होटल मालिकों के साथ ठगी कर चुका क्रिकेटर मृणांक सिंह गिरफ्तार।
    ऋषभ पंत समेत कई होटल मालिकों के साथ ठगी कर चुका क्रिकेटर मृणांक सिंह गिरफ्तार।

    HighLights

    1. हरियाणा से अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट खेल चुका है आरोपित
    2. होटल ताज पैलेस के मालिक से की 5.53 लाख की धोखाधड़ी

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। होटल ताज पैलेस के मालिक से 5.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने हरियाणा के क्रिकेटर मृणांक सिंह को गिरफ्तार किया है। मृणांक हरियाणा के लिए अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट खेल चुका है।

    जुलाई 2022 में आईपीएल की मुंबई इंडियंस टीम का प्रतिनिधित्व करने और कर्नाटक राज्य के वरिष्ठ आइपीएस होने का झांसा देकर वह देश भर में कई होटल मालिकों और यहां तक कि टीम इंडिया के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऋषभ पंत से भी पैसे ऐंठ उन्हें अपना शिकार बना चुका है।

    एडिशनल डीसीपी नई दिल्ली जिला रविकांत कुमार के मुताबिक 22 अगस्त 2022 को ताज पैलेस होटल के अधिकारी ने चाणक्यपुरी थाने में शिकायत कर कहा था कि मृणांक सिंह नाम का युवक जिसने खुद को क्रिकेटर के रूप में प्रस्तुत किया था। होटल ताज पैलेस में 22 जुलाई 2022 से 29 जुलाई 2022 तक रुका था। वह करीब 5.53 लाख रुपये के बिल का भुगतान किए होटल से चला गया। बिल के बारे में पूछने पर उसने एडिडास कंपनी द्वारा भुगतान करने की बात कही थी।

    ये भी पढ़ेंः Delhi: 'मुख्य सचिव पर लगा दस्तावेज लीक करने का आरोप', स्वास्थ्य मंत्री ने LG से की शिकायत; चिट्ठी में लिखी ये बातें

    भुगतान के लिए मृणांक सिंह और उसके प्रबंधक गगन सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वह बकाया रकम चुकाने के लिए अपने ड्राइवर को नकदी के साथ भेज रहे हैं, लेकिन कोई भी होटल नहीं पहुंचा। भुगतान के लिए बार-बार संपर्क करने पर उसने झूठे बयान और वादे किए और हमेशा गलत जानकारी दी। जिसके बाद केस दज्र कर लिया गया। पूछताछ के लिए मृणांक को नोटिस भेजने पर वह कभी भी जांच के लिए शामिल नहीं हुआ।

    खबरें और भी

    गैर जमानती वारंट व लुक आउट सर्कुलर जारी

    उसके पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मृणांक को अपनी संपत्तियों से बेदखल कर दिया है। इसके बाद चाणक्यपुरी पुलिस द्वारा मृणांक का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए लेकिन बार-बार अपना स्थान बदलने के कारण उसका पता नहीं लग रहा था। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया था। वह अधिकांश संचार इंटरनेट मीडिया पलेटफार्म या इंटरनेट चैटिंग एप्लिकेशन के जरिये करता था। उसके परिचितों को बताया कि वह भारत में नहीं है। अब दुबई में बस गया है। इसके बाद उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट व लुक आउट सर्कुलर जारी कराया गया।

    हांगकांग जाने के दौरान हुआ गिरफ्तार

    25 दिसंबर को आइजीआई एयरपोर्ट पर आव्रजन अधिकारियों ने उसे तब हिरासत में ले लिया जब वह हांगकांग के लिए उड़ान भरने की कोशिश कर रहा था। बाद में उसे चाणक्यपुरी पुलिस को सौंप दिया गया। आइजीआइ हवाई अड्डे पर हिरासत के दौरान भी मृणांक ने खुद को आलोक कुमार आइपीएस, एडीजीपी कर्नाटक बताकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फोन करके आव्रजन अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास किया। लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।

    पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा और दावा किया कि उसके पिता अशोक कुमार सिंह भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट है। वह 1980 से 90 के दशक तक भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक आलराउंडर के रूप में खेल चुके हैं। वर्तमान में वह एयर इंडिया में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी तैनाती आइजीआई एयरपोर्ट पर ही है।

    होटलों को लगा चुका है लाखों का चूना

    जांच से पता चला कि उसने खुद को एडीजीपी कर्नाटक बताते हुए कई लक्जरी रिसार्ट्स व होटलों को लाखों का चूना लगा चुका है। वह होटल, बार, रेस्तरां, युवा लड़कियां, कैब ड्राइवर, खाने की छोटी दुकानें और अन्य को शिकार बना चुका है। ऋषभ पंत से उसने 2020-2021 में 1.63 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। उसके मोबाइल फोन की जांच से पता चला है कि वह कई युवा महिला माडलों के संपर्क में था। उनकी वीडियो और तस्वीरें मिली हैं।

    कौन है मृणांक सिंह

    मृणांक सिंह, सेक्टर-17, फरीदाबाद का रहने वाला है। उसने हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से बी कॉम और ओपीजेएस विश्वविद्यालय, चूरू राजस्थान से एचआर में एमबीए किया है। वह क्रिकेटर है। 2021 में हरियाणा से रणजी ट्राफी खेलने का दावा किया है। वह 2014 से 2018 तक मुंबई इंडियंस की ओर से आइपीएल का हिस्सा होने का भी दावा किया है।

    वह विलासितापूर्ण जीवन शैली जीने, पांच सितारा होटलों में रहने, युवा लड़कियों के साथ पार्टी करने, युवा महिला मॉडलों के साथ फोटो खिंचवाने, महंगे ड्रग्स का सेवन करने, महंगे कपड़े, धूप का चश्मा, पर्स और बैग खरीदने और अक्सर विदेश यात्रा करने के प्रति आकर्षित और जुनूनी है। उसके खिलाफ कई राज्यों में ठगी का मुकदमा दर्ज है। प्रभाव जमाने के लिए वह कई क्रिकेटरों के साथ घनिष्ठ संबंध होने का दावा करता था।

    ये भी पढ़ें- दिल्ली में कोरोना के नए सब-वेरिएंट JN.1 का पहला मामला आया सामने, जीनोम सीक्वेंसिंग में हुई पुष्टि