Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Delhi Weather Update: कब तक जारी रहेगा ठिठुरन भरी ठंड का कहर? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

    Updated: Wed, 10 Jan 2024 07:35 AM (IST)

    Delhi Weather News मंगलवार को दिल्ली में पूर्वानुमान तो था हल्की वर्षा का लेकिन दिन भर स्थिति बनी रही गंभीर श्रेणी के कोल्ड डे की। अधिकतम तापमान सामान ...और पढ़ें

    कब तक जारी रहेगा ठिठुरन बढ़ी ठंड का कहर?
    कब तक जारी रहेगा ठिठुरन बढ़ी ठंड का कहर?

    HighLights

    1. सामान्य से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान।
    2. 24 घंटे में आई चार डिग्री की गिरावट, धूप भी दुबकी रही बादलों और कोहरे की हल्की परत में।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मंगलवार को दिल्ली में पूर्वानुमान तो था हल्की वर्षा का, लेकिन दिन भर स्थिति बनी रही गंभीर श्रेणी के कोल्ड डे की। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया। येलो अलर्ट की ठंड के बीच लोग दिन भर कांपते रहे। बुधवार भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर रखा है।

    मंगलवार की शुरुआत कहीं हल्के तो कहीं मध्यम श्रेणी के कोहरे से हुई। सुबह आठ बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का न्यूनतम स्तर 500 मीटर दर्ज किया गया। दिन चढ़ने के साथ दृश्यता तो कुछ सु़धरी लेकिन बादल दिन भर छाए रहे।

    इसीलिए सूरज के दर्शन हुए अवश्य, लेकिन धूप भी बादलों एवं कोहरे की हल्की परत में दुबकी रही। लिहाजा, ठिठुरन भरी सर्दी से निजात पाने को या तो दिल्ली वासी रजाई-कंबल में लिपटे रहे या फिर हीटर और अलाव के आगे हाथ सेंकते नजर आए।

    कितना दर्ज किया गया तापमान

    मंगलवार को दिल्ली में 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री रहा था, वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से छह डिग्री कम है। इस सीजन में यह दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले चार जनवरी को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

    खबरें और भी

    मंगलवार का दिन सिवियर कोल्ड डे यानी अत्यधिक ठिठुरन भरे ठंडे दिन की श्रेणी में भी रखा गया है। दिल्ली के अन्य इलाकों लोधी रोड, रिज, आयानगर, जाफरपुर, पूसा और मयूर विहार में भी ठिठुरन भरा ठंडा दिन रहा।

    न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 97 से 81 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 12.9 की दृष्टि से जाफरपुर और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से लोधी रोड सबसे ठंडे इलाके रहे।

    आज भी ऐसा ही ररहेगा मौसम

    मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी दिल्ली में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह हल्के से मध्यम कोहरा होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। कहीं कहीं कोल्ड डे की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 16 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।

    बुधवार को दिल्ली में हवा 10 से 16 किमी प्रतिघंटा और बृहस्पतिर को चार से 12 किमी रहने का अनुमान है। दोनों दिन उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवा चलेगी।

    मौसम विज्ञानियों ने बताया कि कोल्ड डे की स्थिति बनने के पीछे मुख्य वजह बादल छाए रहना है। सूरज बादलों में छिप रहा है और धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही। हवा में नमी भी है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा चल रही है।

    दिल्ली के अलग अलग स्थानों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    स्थान- अधिकतम तापमान

    लोधी रोड - 13.2

    रिज - 13.5

    आयानगर 13.4

    जाफरपुर 12.9

    नरेला 14.2

    पीतमपुरा 14.3

    पूसा - 13.7

    मयूर विहार 13.2

    ये भी पढ़ें- ठिठुरन भरी ठंड के साथ दिल्ली को परेशान कर रही ये खतरनाक चीज, बच्चे-बुजुर्ग से लेकर युवा सब होते हैं प्रभावित

    कोल्ड डे और शीत लहर

    मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है।

    इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीत लहर की स्थिति होती है। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीत लहर कही जाती है।