यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: शुक्रवार रहा अगस्त का सबसे गर्म दिन, उमस भरी गर्मी में पूरे दिन पसीने से तरबतर हुए दिल्लीवासी
शुक्रवार (18 अगस्त) का दिन अगस्त का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ है। दिनभर खिली रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर ...और पढ़ें

HighLights
- दिल्ली में दिनभर खिली रही तेज धूप
- अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर पहुंचा
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। शुक्रवार (18 अगस्त) का दिन अगस्त का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ है। दिनभर खिली रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर चला गया। हाल यह रहा कि दिल्लीवासी पूरा दिन पसीने से बेहाल रहे। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो तीन दिन गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने की संभावना बरकरार रहेगी।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मानसून सीजन में अगस्त माह का अभी तक का सबसे अधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 77 से 53 प्रतिशत रहा।
क्या कहता है मौसम विभाग का अनुमान?
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने एवं हल्की वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी तरफ अगले तीन चार दिन मौसम कमाबेश ऐसा ही बना रहेगा।
दूसरी तरफ मौसम की मेहरबानी से फिलहाल दिल्ली की हवा साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 153 रहा। इस स्तर की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिन एयर इंडेक्स इसी के आसपास बना रहेगा।
रिपोर्ट इनपुट- संजीव