Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म, NDMC ने रातभर में हटाया 60 मीट्रिक टन कचरा

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 04:35 PM (IST)

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी ने विशेष स्वच्छता, मरम्मत और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया। रातभर चले इस अभियान में 500 से अधिक कर्मचारियों न ...और पढ़ें

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी ने विशेष स्वच्छता, मरम्मत और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया।

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी ने विशेष स्वच्छता, मरम्मत और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया। 

    HighLights

    1. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्ति के बाद एनडीएमसी का अभियान।

    2. रातभर में 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया।

    3. उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने अभियान की निगरानी की।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने पूरे क्षेत्र में विशेष स्वच्छता, मरम्मत और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया। रातभर चले इस अभियान में लगभग 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया।

    एनडीएमसी के अनुसार, अभियान में 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल स्वयं पूरी रात मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते हुए अधिकारियों को कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

    रविवार दोपहर चहल ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों का दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी की टीमें तत्काल मैदान में उतर गई थीं, ताकि राजधानी के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में जनजीवन और यातायात जल्द सामान्य हो सके।

    अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सिविल इंजीनियरिंग तथा उद्यान विभाग ने संयुक्त रूप से कार्य किया। जंतर-मंतर के अलावा टॉलस्टॉय रोड, संसद मार्ग, जयसिंह रोड, जनपथ और कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों, हरित पट्टियों, दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई, धुलाई, मरम्मत और पुनर्स्थापन किया गया।

    खबरें और भी

    सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने करीब 50 कर्मचारियों को तैनात किया। चार जेटिंग मशीनों से सड़कों और फुटपाथों की धुलाई कराई गई। दीवारों पर लिखे नारों को हटाकर दोबारा रंगाई-पुताई की गई, जबकि क्षतिग्रस्त कर्ब स्टोन और फुटपाथों की मरम्मत भी कराई गई।

    वहीं, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की ओर से रात में 75 और सुबह 35 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को लगाया गया। आठ ऑटो टिपर, दो भारी ट्रक, एक जेसीबी और तीन हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों की मदद से पूरे क्षेत्र से करीब 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। उद्यान विभाग ने हरित पट्टियों और डिवाइडरों की सफाई के साथ पौधों एवं उद्यान क्षेत्रों का पुनर्स्थापन भी किया।

    चहल ने कहा कि एनडीएमसी की प्राथमिकता प्रदर्शन के बाद सार्वजनिक स्थलों को कम से कम समय में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने दावा किया कि परिषद ने पूरे प्रदर्शन स्थल की सफाई किसी भी अन्य प्रतीकात्मक सफाई गतिविधि से पहले पूरी कर ली थी।

    उन्होंने पूरी रात कार्यरत अधिकारियों, अभियंताओं, सफाई कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि एनडीएमसी के कर्मचारी परिषद की सबसे बड़ी ताकत हैं। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील भी की।

    यह भी पढ़ें: पुणे से जर्नलिज्म और अमेरिका से मास्टर्स... कौन हैं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक?