Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    न्यू अशोक नगर में रुकी सीलिंग... केंद्रीय मंत्री के दखल के बाद टली कार्रवाई, दुकानदारों ने ली राहत की सांस

    Updated: Tue, 12 May 2026 06:27 PM (IST)

    न्यू अशोक नगर में रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रस्तावित सीलिंग रुक गई है, जिससे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। ...और पढ़ें

    न्यू अशोक नगर में रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रस्तावित सीलिंग रुक गई है। जागरण

    न्यू अशोक नगर में रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रस्तावित सीलिंग रुक गई है। जागरण

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। न्यू अशोक नगर रोड पर रिहायशी क्षेत्र में जारी कमर्शियल गतिविधियों पर मंगलवार को प्रस्तावित सीलिंग आखिरकार रूक गई। दिल्ली नगर निगम की टीम सीलिंग के लिए नहीं पहुंची। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने डीडीए के उपाध्यक्ष से बात करके सीलिंग रूकवा दी।

    इसके बाद यहां के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। सीलिंग की दहशत से यहां के लोगों ने दुकानों के शटर हटाकर दीवारें लगा दी थी, जिससे पता न चल सके यहां कभी कमर्शियल गतिविधि हो रही थी। पिछले तीन दिनों के अंदर 250 दुकानों को लोगों ने अपने आम बंद कर दिया था।

    मंगलवार को सुबह से न्यू अशोक नगर के लोग दहशत में दिखे। डर सता रहा था कि कहीं निगम की टीम सीलिंग के लिए पहुंच न जाए। अपनी संपत्तियों को बचाने के लिए लोग दुकानों के बाहर पहरा दे रहे थे। 11 बजे के आसपास स्थानीय पार्षद संजीव सिंह न्यू अशोक नगर रोड पर पहुंचे।

    दुकानदारों को बताया कि सीलिंग रोक दी गई है। दुकानों को बंद करने के लिए लगाई गई दीवारों को पार्षद ने हथौड़े से तोड़ा।दोपहर तीन बजे तक रोड पर दो ही दुकाने फिर से खुल सकी थी। बाकी दुकानदारों में अभी सीलिंग का डर है। वह दुकानों को खाेलने में डर रहे हैं।

    खबरें और भी

    रिहायशी क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियों का पता लगाने के लिए जारी सर्वे पर लगी रोक

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के रिहायशी क्षेत्र में जारी कमर्शियल गतिविधियों का पता लगाने के लिए सर्वे के आदेश दिए थे। डीडीए की ओर से दिल्ली नगर निगम सर्वे कर रहा है। न्यू अशोक नगर क्षेत्र में सीलिंग पर रोक के साथ ही डीडीए ने मंगलवार को निगम के शाहदरा उत्तरी व दक्षिणी जोन को पत्र लिखकर सर्वे पर रोक लगाने को कहा है। निगम उपायुक्त ममता यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि फिलहाल सर्वे पर रोक लगा दी गई है।

    वर्ष 2004 के आसपास दिल्ली में सीलिंग हुई थी। दिल्ली की करीब 1700 सड़कों के लैंडयूज बदलकर कमर्शियल व सेमी कमर्शियल कर दिया गया था। करीब 350 सड़कें रह गई थीं, इसमें न्यू अशोक नगर की सड़क भी शामिल है। डीडीए से अनुरोध किया गया है कि न्यू अशोक नगर की सड़क का लैंडयूज बदला जाए। यहां के दुकानदारों से कनर्वजन शुल्क लेकर इसे कमर्शियल कर दिया जाए।

    -हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्यमंत्री।

    सीलिंग पर अभी रोक लगा दी गई है। दिल्ली सरकार काेशिश कर ही है कि सड़क का लैंडयूज बदलकर कमर्शियल कर दिया जाए। सीलिंग रूकने पर मैंने खुद दुकानों को छिपाने के लिए की गई दीवारों को हथौड़े से तोड़ा है।
    -संंजीव सिंह, स्थानीय पार्षद व चेयरमैन लाइसेंसिंग कमेटी दिल्ली नगर निगम।

    दुकानदारों की प्रतिक्रिया

    वर्ष 2014 से दुकान किराये पर लेकर बेकरी चला रहा हूं। सीलिंग के डर से दुकान काे तीन दिन पहले प्लाई बोर्ड लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया था। सीलिंग से कुछ राहत मिलने के बाद मंगलवार को दुकान फिर से खोल ली।
    -इंद्रजीत सिंह, दुकानदार न्यू अशोक नगर

    दुकानें सील होने से काफी संख्या में लोग बेराजगार हो जाएंगे। आरडब्ल्यूए ने डीडीए उपाध्यक्ष व निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा है। कुछ वक्त के लिए सीलिंग व सर्वे रूक गया है। जनप्रतिनिधियों से मांग की गई है कि न्यू अशोक नगर की सड़क का संपत्ति उपयोग बदलवाएं, ताकि स्थायी रूप से लोगों को सीलिंग से राहत मिले।
    -आदेश शर्मा, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए न्यू अशोक नगर

    यह भी पढ़ें: गुरुद्वारा बंगला साहिब में खुला 'दान काउंटर', गरीब बच्चों को मिलेगा नया सहारा