दिल्ली: सीवर लाइन बदलने से कमला मार्केट में थमी रफ्तार, जाम और हादसों के डर से सहमे लोग
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर सीवर लाइन बदलने के काम से कमला मार्केट के व्यापारियों, राहगीरों और रेलवे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
-1787194165466_m.webp)
सड़क खोदाई से कमला मार्केट के व्यापारियों के साथ रेलवे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं। जागरण
HighLights
जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर सीवर लाइन बदलने का काम जारी।
कमला मार्केट व्यापारियों, यात्रियों को जाम और धूल से परेशानी।
असुरक्षित गहरे गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर सीवर लाइन बदलने का काम पिछले कई महीनों से जारी है, जिससे कमला मार्केट के व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यहीं नहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को आने जाने वाले यात्रियों और अजमेरी गेट, खारी बावली, नया बाजार जैसे बाजारों में खरीदारों को भारी जाम से गुजरना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि सड़क पर गड्ढे और सीवर की खुदाई के कारण यातायात बेहद धीमा हो गया है और पैदल चलने वालों के लिए केवल एक पतली पट्टी ही बची है।
बड़े हादसे का खतरा
वहीं, गंभीर स्थिति यह कि सीवर लाइन डालने के लिए 10 फीट तक गहरे गड्ढ़े में सुरक्षा इंतजाम न के बराबर है। ऐसे में ये बड़ी दुर्घटना का भी कारण बन सकते हैं, क्योंकि वर्षा के दिनों के चलते इसमें जलभराव व कीचड़ है।
इस विकट स्थिति को देखते हुए कमला मार्केट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन (केमटा) ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र लिखकर तुरंत हस्तक्षेप करने और काम में तेजी लाने की मांग की है।
इस संबंध में केमटा के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि सड़क खुदी होने से धूल, जाम और सीमित आवाजाही के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे सैकड़ों व्यापारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क का 100 मीटर से अधिक का बड़ा हिस्सा पिछले तीन महीनों से खुदा पड़ा है, जबकि इससे पहले भी सड़क का एक हिस्सा दो महीने से अधिक समय तक बंद था।
एसोसिएशन ने मांग की
यहीं नहीं, जिस हिस्से में खुदाई पूरी हो चुकी है, वहां भी सड़क पर मलबा पड़ा हुआ है, जिससे धूल उड़ रही है। वर्षा के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। एसोसिएशन ने मांग की है कि कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और चेतावनी वाले संकेतों की व्यवस्थ की जाए ताकि कोई हादसा न हो।
इस संबंध में बात करने पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि वहां काम काफी दुरुह है। कई सड़कों के एक जगह मिलने के कारण सावधानीपूर्वक काम करना पड़ रहा है। साथ ही वर्षा व स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों के कारण भी काम की गति थोड़ी धीमी हुई है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में आउटर रिंग रोड का बुरा हाल, एयरपोर्ट और DND जाने वालों की बढ़ी परेशानी; अब मिलेगी राहत
विभाग का कहना है कि उन्हें व्यापारियों का पत्र मिल चुका है और काम में तेजी लाई जा रही है। कमला मार्केट वाले हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर अगस्त के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरी परियोजना को समाप्त होने में अभी दो महीने का समय और लग सकता है।
