Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली: मोहर्रम जुलूस में पाकिस्तानी झंडा लहराने की शिकायत पर कार्रवाई नहीं, विरोध में सुंदरकांड पाठ के दौरान बवाल

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 07:40 PM (IST)

    दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर में मोहर्रम जुलूस में पाकिस्तानी झंडा लहराने की शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज लोगों के सुंदरकांड पाठ के दौरान पथ ...और पढ़ें

    कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव हुआ।

    कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव हुआ।

    HighLights

    1. सागरपुर में सुंदरकांड पाठ के दौरान दो समुदायों में विवाद।

    2. मोहर्रम जुलूस में पाकिस्तानी झंडे की शिकायत पर बवाल।

    3. पुलिस टीम पर भी पथराव और लाठी-डंडों से हमला।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान पाकिस्तान का झंडा लहराए जाने की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों की ओर से आयोजित सुंदरकांड पाठ के दौरान मंगलवार शाम बवाल हो गया। कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव हुआ।

    सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी विरोध कर रहे पक्ष के लोगों द्वारा पथराव करने और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होता रहा। एक पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

    जुलूस के दौरान पाकिस्तान का झंडा लहराया गया

    जानकारी के अनुसार, मोहर्रम जुलूस के संबंध में स्थानीय लोगों ने सागरपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता विपिन राजपूत का आरोप है कि जुलूस के दौरान पाकिस्तान का झंडा लहराया गया और आपत्तिजनक नारे लगाए गए। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर इसे करने और करवाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    इसी के विरोध में मंगलवार शाम पूर्वी सागरपुर की गली नंबर-8 स्थित डीडीए पार्क में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, कार्यक्रम शुरू होने के दौरान ही पास की झुग्गी बस्ती के कुछ लोग वहां पहुंचे और इसका विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में तनाव में बदल गई।

    अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया

    आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से कार्यक्रम में शामिल लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने जब स्थिति को संभालने का प्रयास किया तो उस पर भी पथराव किया गया। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

    खबरें और भी

    पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 30 जून की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बजरंग दल के कुछ सदस्य पूर्वी सागरपुर की गली नंबर-8 स्थित झुग्गी बस्ती के पीछे डीडीए पार्क में हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए एकत्र हुए थे।

    झुग्गी बस्ती के कुछ निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई

    इस दौरान पास की झुग्गी बस्ती के कुछ निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। उन्होंने बताया कि मौके पर पहले से पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक वहां से हटा दिया। इस घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की गई है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली के वसंत कुंज में भीषण पेयजल संकट, डीडीए ने टैंकर ठेकेदारों को भेजा कारण बताओ नोटिस