Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के वसंत कुंज में भीषण पेयजल संकट, डीडीए ने टैंकर ठेकेदारों को भेजा कारण बताओ नोटिस

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 06:24 PM (IST)

    दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित ई-1 हाउसिंग पॉकेट में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं क्योंकि टैंकरों से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। आरडब्ल्यूए की ...और पढ़ें

    दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज में भीषण पेयजल संकट। (AI Generated Image)

    दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज में भीषण पेयजल संकट। (AI Generated Image)

    HighLights

    1. वसंत कुंज के ई-1 पॉकेट में लोग पेयजल संकट से परेशान।

    2. पर्याप्त टैंकर न मिलने पर आरडब्ल्यूए ने डीडीए से शिकायत की।

    3. डीडीए ने टैंकर आपूर्तिकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के पाश इलाके वसंत कुंज स्थित ई-1 हाउसिंग पाकेट में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि इलाके में जरूरत के मुताबिक टैंकरों से पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। लगातार बनी पेयजल किल्लत पर आरडब्ल्यूए ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से शिकायत की थी।

    इसके बाद सख्त रुख अपनाते हुए डीडीए ने टैंकर आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही इलाके में पर्याप्त संख्या में टैंकर उपलब्ध नहीं कराने और पेयजल आपूर्ति बाधित करने पर जवाब मांगा है।

    आरडब्ल्यूए के मुताबिक इलाके में पानी की आपूर्ति के लिए पर्याप्त संख्या से कम टैंकर भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मामले पर नोटिस जारी होने के बावजूद सुधार नहीं हुआ है।

    ऐसे में आरडब्ल्यूए ने दोबारा डीडीए से हस्तक्षेप कर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और रोजाना पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि मांग के मुताबिक पानी नहीं मिलने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

    खबरें और भी

    आपूर्ति ठीक नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी

    आरडब्ल्यूए ने शिकायत दी थी कि इलाके में जरूरत के मुताबिक टैंकर नहीं भेजे रहे हैं। इसके बाद डीडीए ने नोटिस जारी करते हुए लिखा है कि मांग से कम टैंकर भेजे जाने से रोजाना पानी की आपूर्ति प्रभावित है और लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

    इस संबंध में पानी आपूर्तिकर्ताओं से जवाब मांगा है और अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है। उधर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि नोटिस भेजे जाने के बावजूद पर्याप्त संख्या में टैंकर नहीं भेजे जा रहे हैं।

    वसंत कुंज सेक्टर–ई-1 और ई-2 के डीडीए फ्लैट्स में दिल्ली जल बोर्ड की ओर से पेयजल आपूर्ति के लिए सीधे पाइपलाइन नहीं हैं। दोनों कॉलोनियों में डीडीए के टैंकरों में आता है और यह टैंकर सोसायटी में बने अंडरग्राउंड वाटर रिजर्वायर (यूजीआर) को भरते है। इसके बाद आगे घरों में पानी की आपूर्ति की जाती है। गर्मी में जहां पानी की जरूरत बढ़ी है, वहीं टैंकर कम भेजे जा रहे हैं। जिससे लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। शिकायत के बाद डीडीए ने नोटिस भेजा था इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। हमने डीडीए से पर्याप्त संख्या में टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की है। - अखिलेश मिश्रा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए

    यह भी पढ़ें- अजमेर–सियालदह और प्रताप एक्सप्रेस में जुलाई तक अतिरिक्त कोच, कोडरमा रूट के यात्रियों के लिए राहत