दिल्ली मेट्रो में दिखेगी आजादी के नायकों की झलक, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखाई विशेष ट्रेन को हरी झंडी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में स्वतंत्रता संग्राम थीम पर आधारित विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी ...और पढ़ें

शिवराज सिंह चौहान ने एक विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
HighLights
शिवराज सिंह चौहान ने विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
ट्रेन स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और योगदान को प्रदर्शित करेगी।
यह पहल युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।
एजेंसी, नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली के सेंट्रल सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम की थीम पर आधारित एक विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और भारत की आजादी के आंदोलन से जुड़े अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों के जीवन, विचारों तथा योगदान को प्रदर्शित करती है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह पहल मेट्रो यात्रियों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय नायकों द्वारा दिए गए बलिदानों के बारे में जानने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी को भारत के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराने में मदद मिलेगी और उन्हें उन लोगों के साहस तथा देशभक्ति से प्रेरणा मिलेगी जिन्होंने राष्ट्र के लिए संघर्ष किया।
विशेष ट्रेन में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कई गई
चौहान ने इस मौके पर मेट्रो ट्रेन पर “हर साल शहीदों की चिताओं पर मेले लगेंगे” जैसे देशभक्तिपूर्ण शब्द लिखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत के शहीदों और क्रांतिकारियों के बलिदान तथा योगदान आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहें। श्री चौहान ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रभात प्रकाशन, दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक और पूरी मेट्रो टीम का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरक कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
ट्रो की यात्रा और कहानी को उजागर करने वाली पुस्तकें भी प्रदर्शित
कार्यक्रम के दौरान चौहान को प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तकों में ‘अपनापन’ सहित अन्य पुस्तकें भी भेंट की गईं। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो की यात्रा और कहानी को उजागर करने वाली पुस्तकें भी प्रदर्शित की गईं। इस विशेष मेट्रो ट्रेन के माध्यम से लाखों यात्री रोजाना स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा से जुड़ सकेंगे और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होगी। श्री चौहान ने जोर दिया कि ऐसे रचनात्मक प्रयासों से इतिहास जीवंत रहता है और भावी पीढ़ियां अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में योगदान दे सकती हैं।
