200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुकेश चन्द्रशेखर समेत सभी आरोपियों पर आरोप तय, ट्रायल जल्द
दिल्ली की अदालत ने ₹200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुकेश चंद्रशेखर समेत सभी आरोपियों पर औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। अब इस बहुचर्चित मामले क ...और पढ़ें

सुकेश चंद्रशेखर समेत सभी आरोपियों पर तय हुए आरोप। फाइल फोटो
HighLights
दिल्ली कोर्ट ने ₹200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय किए।
सुकेश चंद्रशेखर समेत सभी आरोपियों पर औपचारिक रूप से आरोप लगे।
मामले का ट्रायल जल्द शुरू होने की संभावना, अगली सुनवाई जुलाई में।
एएनआई, नई दिल्ली। बहुचर्चित ₹200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की अदालत ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। मामले में अब जल्द ही ट्रायल शुरू होने की संभावना है।
सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने बताया कि अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं और अधिकांश आरोपियों ने इन पर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं। इसके साथ ही मामला अब सुनवाई के अगले चरण यानी ट्रायल के लिए भेज दिया गया है।
जुलाई में होगी अगली सुनवाई
वकील के अनुसार, राज्य सरकार से संबंधित मामले की सुनवाई 14 जुलाई को होगी, जबकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े मामले पर 16 जुलाई को सुनवाई निर्धारित की गई है।
हाईकोर्ट में लंबित है सुकेश की याचिका
अनंत मलिक ने बताया कि सुकेश चंद्रशेखर ने पहले अदालत में एक आवेदन दायर कर अनुरोध किया था कि एक अन्य हाल ही में गिरफ्तार आरोपी नवाज के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने तक आरोप तय करने के आदेश को रोका जाए। हालांकि निचली अदालत ने इस मांग को खारिज कर दिया था।
इसके बाद सुकेश ने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी। यह याचिका फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है और इस पर 8 जुलाई को सुनवाई होनी है।
MCOCA मामले में आरोपों पर नहीं किए हस्ताक्षर
वकील ने बताया कि सुकेश ने अदालत से कहा था कि जब तक हाईकोर्ट उनकी याचिका पर फैसला नहीं दे देता, तब तक वह आरोपों पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। इसी कारण उन्होंने राज्य सरकार से जुड़े MCOCA मामले में आरोपों पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
खबरें और भी
हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुकेश ने आरोपों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। वकील के मुताबिक, MCOCA मामले में हस्ताक्षर न करने के पीछे एक विशेष कानूनी मुद्दा है।
जल्द शुरू हो सकता है ट्रायल
वकील अनंत मलिक ने कहा कि अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद अब मामले का ट्रायल जल्द शुरू होने की उम्मीद है। यह मामला पिछले कई वर्षों से चर्चा में है और अब इसकी सुनवाई निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है।