विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के सुखदेव विहार में सीवर लाइन जाम, गलियों में बह रहा गंदा पानी और मुश्किल में लोगों का जीवन

By Gouri Edited By: Kapil Kumar
Published: Mon, 24 Aug 2026 09:24 AM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के सुखदेव विहार में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं, गंदा पानी गलियों में फैल रहा है और पेयजल दूषित होने का खतरा है।

सुखदेव विहार में सीवर लाइन जाम होने से गलियों में बहता है गंदा पानी। जागरण

सुखदेव विहार में सीवर लाइन जाम होने से गलियों में बहता है गंदा पानी। जागरण

HighLights

  1. सुखदेव विहार में सीवर ओवरफ्लो से गलियों में गंदा पानी।

  2. पुरानी सीवर लाइनें आबादी का दबाव नहीं संभाल पा रहीं।

  3. निवासी दिल्ली जल बोर्ड से स्थायी समाधान की मांग कर रहे।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में सुखदेव विहार स्थित पाकेट-बी डीडीए फ्लैट्स में सीवर ओवरफ्लो की समस्या ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

लोगों का कहना है कि हर दो-तीन सप्ताह में सीवर लाइन जाम होने से गंदा पानी गलियों में फैल जाता है। इससे क्षेत्र में इतनी अधिक बदबू फैल जाती है कि लोगों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

समस्याओं का स्थायी समाधान करवाए

लोगों का यह भी कहना है कि सीवर ओवरफ्लो होने से इसका दूषित पानी पेयजल की पुरानी पाइप में भी जा सकता है। कई बार घरों में दूषित पेयजल आपूर्ति होने की समस्या भी सामने आ चुकी है। इसलिए लोगों की मांग है कि दिल्ली जल बोर्ड जल्द से जल्द इन समस्याओं का स्थायी समाधान करवाए।

विधायक से कई बार की जा चुकी शिकायत

पाकेट-बी, आरडब्ल्यूए के जनरल सेक्रेटरी रोहित ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो की शिकायत दिल्ली जल बोर्ड और विधायक कार्यालय में कई बार की जा चुकी है। शिकायत के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचकर लाइन खोल देते हैं, जिससे कुछ दिनों के लिए राहत मिल जाती है। हालांकि, कुछ ही समय बाद फिर वही समस्या शुरू हो जाती है।

लोगों को हो रही परेशानी

सुखदेव विहार की डीडीए कॉलोनी वर्ष 1985 में विकसित हुई थी। उस समय के मुकाबले अब यहां आबादी और घरों की संख्या काफी बढ़ गई है। पुरानी सीवर और स्टार्म वाटर लाइनें मौजूदा दबाव को संभाल नहीं पा रही हैं। बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या और गंभीर हो जाती है।

निवासी प्रीति कुकरेजा, सोनिया सिक्का का कहना है कि अब अस्थायी मरम्मत के बजाय पुरानी सीवर लाइनों को बदलने की जरूरत है। एक निवासी ने बताया कि सीवर लाइन बदलने के लिए दिल्ली जल बोर्ड और विधायक कार्यालय को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लोगों का कहना है कि उन्हें समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एमसीडी की टीम से कई बार मदद मिलने पर अस्थायी राहत जरूर मिली है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: सीवर लाइन बदलने से कमला मार्केट में थमी रफ्तार, जाम और हादसों के डर से सहमे लोग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दिल्ली जल बोर्ड और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से इलाके का निरीक्षण कर सीवर और स्टार्म वाटर लाइनों की स्थिति की जांच करें। साथ ही पुरानी लाइनों को बदलकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बार-बार होने वाले सीवर ओवरफ्लो से लोगों को राहत मिल सके।

यदि कहीं से कोई शिकायत मिलती है तो तुरंत काम कराया जाता है। इस बारे में जानकारी मिलते ही काम कराया जाएगा। मौके पर कर्मचारियों को भेज कर जांच कराने के बाद सीवर की समस्या का समाधान कराया जाएगा। - आतिशी, विधायक, कालकाजी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।