दक्षिणी दिल्ली में खौफनाक वारदात, प्रॉपर्टी विवाद में एक और युवक की पीट-पीटकर हत्या
दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद गांव में 50 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन मीनू की पारिवारिक संपत्ति विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली में संपत्ति विवाद में इलेक्ट्रीशियन की पीट-पीटकर हत्या।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी में प्रापर्टी डीलर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के तीन दिन के भीतर ही ऐसा ही एक और मामला दक्षिणी पूर्वी जिले में सामने आया है। तुगलकाबाद गांव के छुरिया मोहल्ले में प्रापर्टी को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन असफर हुसैन उर्फ मीनू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना सोमवार शाम की है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को मीनू को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। घटना के बाद से आरोपित परिवार के सदस्य फरार हैं। मृतक परिवार की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक छुरिया मोहल्ले के चांद कालोनी निवासी असफर हुसैन उर्फ मीनू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अगल-बगल ही रहते थे। मीनू एसी, फ्रिज, गीजर आदि की रिपेयरिंग का काम करते थे। वे अक्सर बीमार रहते थे और शुगर मरीज भी थे।
मीनू का दावा- 10 लाख रुपये में अपना हिस्सा सौंपकर गई
मंझला भाई अफसर पंजाब में रहकर काम करता है। सबसे छोटे भाई अख्तर हुसैन की कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी। उनके हिस्से 50 गज का प्लाट था। अख्तर की बेवा अपना हिस्सा छोड़कर मायके चली गई थी। मीनू का दावा था कि 10 लाख रुपये में वह अपना हिस्सा उन्हें सौंपकर गई है। जबकि उनकी मां और अफसर की पत्नी ने प्लॉट दो बराबर हिस्सों में बांटने को लेकर अड़ी थीं।
सोमवार शाम अफसर के परिवार ने मीनू से विवाद किया
इसी बात को लेकर सोमवार शाम अफसर के परिवार ने मीनू से विवाद किया। आरोप है कि विवाद के दौरान अफसर के बेटों ने मीनू के साथ मारपीट की और धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
