दिल्ली से UP जाने वाली महिलाओं के लिए खुशखबरी, रक्षाबंधन पर बसों में फ्री सफर; चलेंगी 400 अतिरिक्त बसें
यूपीएसआरटीसी ने रक्षाबंधन पर बहनों को दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक मुफ्त बस यात्रा का तोहफा दिया है। यह सुविधा ...और पढ़ें

आनंद विहार से बहनों को मिलेगी यूपीएसआरटीसी की फ्री बस सेवा। फोटो: आर्काइव
HighLights
बहनों को दिल्ली से यूपी मुफ्त बस यात्रा
27 से 29 अगस्त तक एक सहयात्री भी निःशुल्क
भीड़ के लिए 400 अतिरिक्त बसें संचालित
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों के घर तक आसानी से पहुंचाने के लिए UPSRTC ने मुफ्त बस सफर का तोहफा दिया है।
27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक दिल्ली से उत्तर प्रदेश जाने वाली यूपी रोडवेज की बसों में महिला यात्री बिना किराये के सफर कर सकेंगी। उनके साथ एक सहयात्री को भी किराया नहीं देना होगा।
रक्षाबंधन से पहले आनंद विहार ISBT पर यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए 26 से 31 अगस्त तक करीब 400 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की गई है। सामान्य दिनों में आनंद विहार से UPSRTC की करीब 850 से 900 बसें संचालित होती हैं।
त्योहार के चलते बस अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों और कस्बों के लिए जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में अतिरिक्त बसों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आनंद विहार ISBT के UPSRTC बुकिंग क्लर्क सुधीर गोंड ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने से अधिक हो गई है।
यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए 27 से 29 अगस्त तक बसों के साथ टर्मिनल की व्यवस्थाएं भी बढ़ाई गई हैं। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए बढ़ेंगी व्यवस्थाएं
यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और बैरियर लगाए जाएंगे। प्रवेश और निकासी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। रोडवेज की ओर से कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने तथा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्राइवरों को अतिरिक्त ड्यूटी पर प्रोत्साहन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ी आवाजाही को संभालने के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन में ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 0.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन मिलेगा। छह दिनों में उन्हें करीब 1,200 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर घर जाने वालों के लिए राहत, दिल्ली-रींगस के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन; देखें शेड्यूल
