Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में तेज हवाओं से पेड़ जड़ से उखड़ा, इसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय एक युवक की मौत

    Updated: Sat, 11 Apr 2026 10:52 PM (GMT+05:30)

    पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में तेज हवाओं के कारण एक पेड़ गिरने से 26 वर्षीय युवक कालू की मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई इस घटना में दिल्ली अग्निशमन सेवा ...और पढ़ें

    तेज हवा से पेड़ गिरने पर युवक की मौत। फोटो: सांकेतिक

    तेज हवा से पेड़ गिरने पर युवक की मौत। फोटो: सांकेतिक

    HighLights

    1. तेज हवाओं से पेड़ गिरने से युवक की मौत

    2. उत्तम नगर में 26 वर्षीय कालू की जान गई

    3. जाम के कारण बचाव कार्य में देरी हुई

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली स्थित उत्तम नगर इलाके में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज हवाओं के चलते एक भारी-भरकम पेड़ अचानक जड़ से उखड़ गया, जिसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय एक युवक की जान चली गई।

    मृतक की पहचान कालू के रूप में हुई है। यह हृदयविदारक घटना उत्तम नगर के ए-ब्लॉक स्थित श्मशान घाट और स्थानीय गुरुद्वारे के समीप घटित हुई। शाम को अचानक चली तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे लगा एक पुराना पेड़ संतुलन खो बैठा और सीधे वहां से गुजर रहे कालू पर जा गिरा।

    जाम की वजह से देरी से पहुंची बचाव टीम 

    दिल्ली अग्निशमन सेवा को इस घटना की सूचना शुक्रवार शाम 4:36 बजे मिली। काॅलर ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति पेड़ के नीचे दबा हुआ है और उसे तत्काल मदद की जरूरत है। विभाग ने बिना देरी किए दो दमकल गाड़ियों को रवाना किया, लेकिन सड़क पर लगे भारी जाम के कारण बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    जब तक बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर पेड़ की भारी शाखाओं को काटकर युवक को बाहर निकाला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। शाम करीब 5:35 बजे युवक का शरीर बाहर निकाला गया, लेकिन वह मृत अवस्था में मिला।

    शाखाओं को काटकर निकाला, लेकिन नहीं बची जान

    अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि युवक पेड़ के नीचे काफी बुरी तरह फंसा हुआ था। जाम के कारण समय पर पहुंचने में चुनौती आई, हालांकि मौके पर पहुंचते ही शाखाओं को काटकर उसे निकाला गया, पर उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

    खबरें और भी

    घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने जर्जर पेड़ों के रखरखाव को लेकर चिंता जताई है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में RTO का नया नियम लागू, गाड़ी की RC में मोबाइल नंबर नहीं तो PUC सर्टिफिकेट भी नहीं; ऐसे करें अपडेट