दिल्ली के राघुबीर नगर में ई-रिक्शा बैटरी विस्फोट से गोदाम में लगी आग, दो लोगों की मौत
पश्चिमी दिल्ली के राघुबीर नगर में चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की पोर्टेबल बैटरी में विस्फोट होने से आग लग गई, ...और पढ़ें
-1786949263086_m.webp)
इसी मकान में लगी थी आग। जागरण
HighLights
पश्चिमी दिल्ली के राघुबीर नगर में ई-रिक्शा बैटरी विस्फोट।
विस्फोट से लगी आग में दो लोगों की दर्दनाक मौत।
चार्जिंग के दौरान हुआ हादसा, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के राघुबीर नगर में सोमवार तड़के चार्जिंग में लगी ई-रिक्शा की पोर्टेबल बैटरी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के बाद पहली मंजिल पर रखे घरेलू सामान में आग लग गई। हादसे के समय किराये के कमरे में सो रहे 17 वर्षीय मोहम्मद सफेद और उसके 38 वर्षीय मामा मोहम्मद सहमद आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
इसके बाद दोनों को गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय सफेद के पिता मोहम्मद नसीब घर पर नहीं थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:24 बजे ख्याला थाना पुलिस को राघुबीर नगर के आर-17ए, मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित इमारत की पहली मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों मामा-भांजे गंभीर हालत में मिले।
ई-रिक्शा चलाते थे तीनों
जांच में सामने आया कि 17 वर्षीय मोहम्मद सफेद अपने पिता मोहम्मद नसीब और मामा मोहम्मद सहमद के साथ किराये के परिसर में रहता था। तीनों ई-रिक्शा चालक थे और ई-रिक्शा की पोर्टेबल बैटरियां वहीं चार्ज करते थे। सोमवार तड़के बैटरी चार्जिंग पर लगी थी। इसके बाद सफेद और उसका मामा कमरे में सो गए। इसी दौरान बैटरी में विस्फोट हो गया और आग की चपेट में आने से दोनों झुलस गए। हादसे के समय सफेद के पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
भूतल के अलावा चार मंजिल की है इमारत
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, बैटरी में विस्फोट के बाद पहली मंजिल पर रखे घरेलू सामान में आग फैल गई। इमारत भूतल के अलावा चार मंजिल की है। आग लगने की सूचना पर दमकल की तीन वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब 5:25 बजे आग पर काबू पा लिया।
यह भी पढ़ें- दक्षिणी दिल्ली के नेचर बाजार में आग लगी, करीब 50 दुकानें जलकर खाक
भागलपुर के रहने वाले थे दोनों
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद सफेद और मोहम्मद सहमद मूल रूप से भागलपुर, बिहार के रहने वाले थे। सफेद के परिवार के अन्य सदस्य भी भागलपुर में रहते हैं। दोनों को आग से झुलसी हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। बैटरी में विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
