यमुनापार में गहराया पेयजल संकट, टूटी पाइपलाइनें बनीं मुसीबत
यमुनापार के कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है, जहां अपर्याप्त और दूषित जलापूर्ति से लोग परेशान हैं। ...और पढ़ें

शकरपुर में ओवरफ्लो हो रहा सीवर। जागरण
HighLights
यमुनापार के कई इलाकों में पेयजल संकट गहराया।
टूटी पाइपलाइनों से पानी बर्बाद, दूषित जलापूर्ति।
लोग टैंकरों पर निर्भर, जल्द समाधान की मांग।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। मंडावली, मयूर विहार, गाजीपुर, खिचड़ीपुर, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, विनोद नगर, सीलमपुर, घोंडा और करावल नगर समेत कई इलाकों में लोग पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिलने से परेशान हैं।
कहीं गंदा पानी आ रहा है तो कहीं जलापूर्ति ही ठप है। सही तरीके से पानी नहीं पहुंचने से लोगों को दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। किशन कुंज, विश्वास नगर, कृष्णा नगर के कई इलाके ऐसे हैं जहां पानी की लाइन में लीकेज से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। टैंकर आते ही लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार पानी भरने को लेकर विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं ज्यादातर लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। इससे लोगों के घर का बजट खराब हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द टूटी पाइपलाइनों की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
टूटी पाइपलाइन से सड़कों पर बह रहा पानी, हो रही दूषित जलापूर्ति
वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर टूटी पाइपलाइनों से पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है। इससे न केवल हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है, बल्कि जलभराव और गंदगी की समस्या भी बढ़ रही है।
टूटी पाइपलाइनों के चलते गंदगी और सीवर का पानी भी घरों तक पहुंच रहा है। इसके चलते शाहदरा, विश्वास नगर समेत कई कालोनियों में फिर से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। स्थानीय निवासी भुवनेश गुप्ता ने बताया कि लगातार गंदे पानी की सप्लाई हो रही है लेकिन शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
खबरें और भी
हमारे इलाके में कई दिन तक पानी नहीं आता। किसी दिन आता भी है तो गंदा पानी आता है। बीते कई दिन से यही दिक्कत बनी है। जल बोर्ड को शिकायत के बाद भी परेशान का हल नहीं हो रहा है।
- मुकेश जैन
कई दिन से घर में पानी नहीं आया। एक दिन आया भी था तो बाल्टी में पूरा काला पानी आया। जल बोर्ड के अधिकारियों को कई बार शिकायत के बाद भी परेशानी जारी है।
- सार्थक गुप्ता
जिला विकास समिति के चेयरमैन अनिल गोयल ने बताया कि नई पाइपलाइन डालने का काम जार है। जल्द ही सभी जगहों पर पानी की पूरी सप्लाई होगी। साथ ही नई लाइन डलने पर गंदे पानी की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।