पंजाबी बाग पार्क में करंट लगने से युवक की मौत, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग में एक दर्दनाक घटना में 26 वर्षीय रोहित की पार्क की लोहे की रेलिंग में करंट लगने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन प ...और पढ़ें

रेलिंग में करंट दौड़ने से एक युवक की मौत।
HighLights
पंजाबी बाग पार्क में 26 वर्षीय युवक की मौत।
लोहे की रेलिंग में करंट लगने से हुई दुर्घटना।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिला के पंजाबी बाग इलाके से एक बेहद दर्दनाक और लापरवाही की हद पार करने वाली घटना सामने आई है। यहां के राजीव गांधी कैंप स्थित एक पार्क में पानी भरने गए 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है, जो राजीव गांधी कैंप, पंजाबी बाग का रहने वाला था।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, रोहित अभी अविवाहित था। घटना के समय वह पार्क की दीवार के पास लगे एक सरकारी नल से पानी भरने गया था। जैसे ही उसने पानी लेने का प्रयास किया, पार्क की लोहे की रेलिंग में आ रहे जोरदार करंट की चपेट में वह आ गया। करंट इतना भयानक था कि रोहित करंट के झटके से बेहोश हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने किसी प्रकार कनेक्शन को काटकर रोहित को पास के अस्पताल में ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन और पार्क प्रबंधन पर गंभीर आरोप
इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पार्क प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पार्क की रेलिंग में पिछले दो दिनों से करंट दौड़ रहा था। पर किसी ने भी इसकी जानकारी बिजली विभाग या किसी अन्य अधिकारी को इसकी सूचना या शिकायत नहीं दी। लोगों के मुताबिक, रोहित से पहले भी कई अन्य लोग इस करंट की हल्की चपेट में आ चुके थे, लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया, जिसका खामियाजा रोहित को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पंजाबी बाग थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मुख्य रूप से इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इस जानलेवा लापरवाही के पीछे असली जिम्मेदार कौन है, जिसके कारण रेलिंग में करंट दौड़ रहा था उस बिजली तार को वहां पर किसने लगाया था।