कालिंदी कुंज इलाके में लावरिश कंटेनर में मिला युवक का शव, सिर कूचकर हत्या की आशंका
कालिंदीकुंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक युवक का शव मिला है। सिर पर गहरे चोट के निशान से हत्या की आशंका जताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास सोमवार को एक युवक का शव मिला है।
HighLights
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास मिला युवक का शव।
सिर पर गहरे चोट के निशान, हत्या की आशंका।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास सोमवार को एक युवक का शव मिला है। सिर पर गहरे चोट के निशान से कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई होगी। शव एक कंटेनर के पास से बरामद हुए है। हालांकि अभी मृतक की पहचान नहीं हो पायी है, पर उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्षीय आंकी जा रही है।
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस को युवक के सिर के बाईं ओर चोट का निशान मिला है। मौके पर काफी मात्रा में खून भी फैला हुआ था। पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की जांच और फोटोग्राफी कराई है और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को मौके से खून से सना एक पत्थर भी मिला है।
कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:13 बजे सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एनटीपीसी की दीवार से सटे इलाके में एक लावारिस कंटेनर में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के पास से 70 रुपये और खैनी-तंबाकू बरामद
जांच के बाद शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया। मृतक के शरीर पर नीले रंग की टी-शर्ट और नीली धारियों वाला नेकर था। तलाशी में मृतक के पास से 70 रुपये और खैनी-तंबाकू बरामद हुआ है। यह भी आशंका है कि युवक की मौत करीब 24 घंटे पहले हुई होगी। हालांकि मौत का सही समय और कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा।
