जैसा अंदेशा था कि दीवाली पर पटाखों के इस्तेमाल से वायु प्रदूषण बढ़ सकता है, वैसा ही हुआ। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में हवा की गुणवत्ता में गिरावट पाई गई। दीवाली की रात कोलकाता में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआइ जिस तरह 600 से अधिक पाया गया, उससे यही स्पष्ट हुआ कि वायु प्रदूषण की समस्या ने उत्तर भारत समेत देश के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। वायु प्रदूषण का दायरा और उसकी गंभीरता वर्ष दर वर्ष इसलिए बढ़ती जा रही है, क्योंकि उसके लिए जिम्मेदार सभी कारणों के समय रहते निवारण के प्रति सक्रिय होने से इन्कार किया जा रहा है।

आम तौर पर हवा की गुणवत्ता खराब होने की शुरुआत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश आदि में फसलों के अवशेष जलाने से होती है। फिर वायु प्रदूषण में अन्य कारक शामिल हो जाते हैं, जैसे वाहनों का उत्सर्जन, सड़कों एवं निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल आदि। दीवाली पर जब बड़ी संख्या में पटाखे चलते हैं तो प्रदूषण और बढ़ जाता है। सुप्रीम कोर्ट के तमाम निर्देश भी पटाखों के चलन को कम नहीं कर पा रहे हैं और न ही ग्रीन पटाखों का उपयोग बढ़ पा रहा है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि पटाखे दीवाली का अभिन्न अंग बन गए हैं।

यह सही है कि केवल पटाखे वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं, पर इसमें भी संदेह नहीं कि वे उसे बढ़ाते हैं। इससे हर कोई अवगत भी है, लेकिन वह उनका उपयोग सीमित करने के लिए तैयार नहीं। आखिर ऐसा क्यों नहीं हो सकता कि दीवाली पर प्रतीकात्मक तौर पर केवल ग्रीन पटाखों का ही न्यूनतम इस्तेमाल हो? किसी उत्सव को मनाने के तौर-तरीके समाज ही बनाता है और वह देश, काल, परिस्थितियों के अनुरूप उनमें बदलाव भी करता है। ऐसी किसी पहल पर विचार होना चाहिए कि दीवाली पर तो प्रतीकात्मक तौर पर ही पटाखे चलें और उनका व्यापक इस्तेमाल राम नवमी या फिर हिंदू नववर्ष की शुरुआत पर हो।

यह उल्लेखनीय है कि समय के साथ पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने के चलन को कम करने में सफलता मिली है। ऐसी ही सफलता दीवाली पर पटाखों के उपयोग को सीमित करने में भी प्राप्त की जा सकती है। निःसंदेह ऐसा तब होगा, जब सब लोग यह समझेंगे कि बढ़ता प्रदूषण सेहत के लिए घातक होने के साथ ही देश की बदनामी भी कराता है। पर्यावरण की रक्षा तभी संभव है, जब शासन-प्रशासन के साथ समाज भी अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। दुर्भाग्य से यह स्थिति इसके बाद भी नहीं बन पा रही है कि हमारे हर त्योहार पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देते हैं। यह ठीक नहीं कि वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर तक पहुंच जाने के बाद भी औसत लोग उसके प्रति बेपरवाह ही बने रहें।