विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

धान, कर्ज, गैस और आवास पर होगा छत्तीसगढ़ में चुनावी मुकाबला; कांग्रेस-भाजपा के वादों का घोषणापत्र अंतिम चरण में

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Wed, 25 Oct 2023 09:54 PM (GMT+05:30)

चुनावी रण में कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों के बीच धान कर्ज गैस और आवास पर मुख्य मुकाबला होगा। पार्टी सूत्रों ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस-भाजपा के बीच चुनावी मुकाबला (फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस-भाजपा के बीच चुनावी मुकाबला (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, रायपुर। छत्तीसगढ़ के चुनावी रण में कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों के बीच धान, कर्ज, गैस और आवास पर मुख्य मुकाबला होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, धान के समर्थन मूल्य, किसानों की कर्ज माफी, महिलाओं के लिए सस्ता गैस सिलेंडर और गरीबों के लिए आवास योजना को दोनों ही दल अपने-अपने घोषणापत्र में शामिल कर रहे हैं। कांग्रेस 18 लाख गरीबों को आवास देने तो भाजपा हर गरीब को छत देने की बात कह रही है।

इसी तरह धान के मूल्य और किसानों को सब्सिडी देने की योजनाओं पर दोनों पार्टियां दांव खेलने को तैयार हैं। महिलाओं को गैस सब्सिडी से रिझाने और युवाओं को रोजगार देने का वादा भी इनके घोषणापत्र में होगा। दोनों ही पार्टियां जल्द से जल्द घोषणापत्र जारी करने में जुटी हुई हैं। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान सात नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा।

आरक्षण पर दांव खेलेगी कांग्रेस

कांग्रेस के घोषणा पत्र में जातिगत जनगणना के साथ-साथ 76 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा भी हो सकती है। इसके अलावा कांग्रेस, नि:शुल्क बिजली का दायरा बढ़ाने, स्वास्थ्य की नई योजनाएं, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोठान, नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना को नए कलेवर के साथ घोषणा पत्र में ला सकती है।

गरीबों की छत पर भाजपा का जोर

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, भाजपा नेता व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों को मकान देने की बातें कह रहे हैं। इसके अतिरिक्त पीएससी की भर्ती परीक्षाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए इन परीक्षाओं की जांच कराने का भी वादा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भाजपा ने चार बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों का किया एलान, जानें अंबिकापुर से किसे मिला टिकट

क्या कुछ बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष?

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और सक्षम बनाना ही कांग्रेस का लक्ष्य है, ताकि उन्हें किसी प्रकार से कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं पड़े और उनका परिवार खुशहाल रहे। छत्तीसगढ़ में पुन: कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व की तरह एक बार और किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे जेपी नड्डा, मंडी व कांगड़ा सीट से लड़ने की अटकलों को नकारा

'गांव, गरीब और किसान का होगा विकास'

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि अभी भाजपा का घोषणा पत्र तो आने दीजिए, किसान को भाजपा से जितनी उम्मीद हैं, सभी पूरी होंगी। गांव, गरीब और किसान का विकास होगा। किसान का पूरा धान खरीदने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वचन दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।