विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Exit Poll 2023: एग्जिट पोल कुछ भी कहें, कांग्रेस-भाजपा दोनों को है जीत का भरोसा

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Thu, 30 Nov 2023 10:59 PM (IST)

मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ राजस्थान के विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले आए एग्जिट पोल को लेकर तीनों राज्यों के नेता ...और पढ़ें

कांग्रेस-भाजपा दोनों को है जीत का भरोसा (फाइल फोटो)
कांग्रेस-भाजपा दोनों को है जीत का भरोसा (फाइल फोटो)

जागरण टीम, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले आए एग्जिट पोल को लेकर तीनों राज्यों के नेता अपने-अपने दल की सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। तीनों ही राज्यों में मुकाबला मुख्यरूप से भाजपा और कांग्रेस में है और तीनों ही राज्यों के मुख्यमंत्री व विपक्षी दल के नेता जीत को लेकर आश्वस्त हैं।

क्या कुछ बोले भूपेश बघेल?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एग्जिट पोल पर ध्यान मत दीजिए। कांग्रेस भारी बहुमत के साथ फिर सत्ता में आ रही है। कांग्रेस को जो 57 सीटें मिलती दिखाई जा रही हैं, वह रियल रिजल्ट में उलट जाएंगी, यानी 75 हो जाएंगी। चाहे तो आप इसमें पांच सीटें और जोड़ सकते हैं। हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे। हमें विश्वास है और जनता पर भरोसा है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि 15 सीटों से 46 पहुंचने की कल्पना एग्जिट पोल से साकार होती दिख रही है। भाजपा इतने पर नहीं रुकेगी। 52 से 55 सीटें जीतकर आएगी। एग्जिट पोल में बस्तर और सरगुजा से संबंधित रुझान मतदान के आधार पर नहीं है। कांग्रेस 40 सीट तक भी नहीं पहुंचेगी। हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।

यह भी पढ़ें: 'राजस्थान का योगी' बनेगा CM? वसुंधरा से ज्यादा पॉपुलर; BJP में पहली पसंद बने बालकनाथ

'अप्रत्याशित और अभूतपूर्व होंगे नतीजे'

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं का, बहनों का अभूतपूर्व स्नेह और प्रेम मिल रहा है, नतीजे अप्रत्याशित और अभूतपूर्व आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्यार और मार्गदर्शन, अमित शाह की रणनीति, जेपी नड्डा के नेतृत्व, हमारे कार्यकर्ताओं के प्रयासों और हमारी सरकार की योजनाओं ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा को राज्य में बहुमत मिल रहा है।

एग्जिट पोल के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि मैं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को उनका बल याद दिलाना चाहता हूं। आप लोग कांग्रेस की शक्ति हैं और आपकी मेहनत व समर्पण से ही जनता ने कांग्रेस के समर्थन में जमकर वोट डाला है। मैंने हमेशा आपसे कहा है कि देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं। एग्जिट पोल से आपको अपना ध्यान भटकने नहीं देना है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एग्जिट पोल में कुछ भी आंकड़े दिखाए जाएं, लेकिन मुझे लगता है कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश में सत्ता विरोधी माहौल नहीं है। भाजपा का ध्रुवीकरण का प्रयास भी सफल नहीं रहा है। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुआ कहा कि एग्जिट पोल कुछ भी आए, मीडिया के सर्वेक्षण में भी कुछ भी कहा जाए और सटोरिये कुछ भी कहें, लेकिन सरकार कांग्रेस की बनेगी। भाजपा के मतदाता भी कहते हैं कि सीएम ने काम करने में कोई कमी नहीं रखी है।

पांच में से तीन राज्यों में बनाएंगे सरकार: भाजपा

भाजपा ने एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए दावा किया कि हम पांच में से तीन राज्यों में सरकार बनाएंगे। भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पोस्ट में कहा कि सभी एक्जिट पोल मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा की जीत का अनुमान बता रहे हैं। छत्तीसगढ़ में दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर है। ऐसे में आगामी तीन दिसंबर को भाजपा के पक्ष में यह परिणाम 3-0 का हो सकता है। मिजोरम में भी कांग्रेस बहुत दूर है। हालांकि, गुरुवार को मतदान होने के कारण तेलंगाना में सर्वे के लिए उचित समय नहीं दिया गया। ऐसे में यहां के सर्वे पर विश्वास नहीं किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: मध्‍यप्रदेश में शिवराज और राजस्‍थान में असमंजस में 'रिवाज', 'पंजे' में छत्तीसगढ़-तेलंगाना; मिजोरम में खिचड़ी सरकार

तेलंगाना में जश्न मनाना शुरू कर सकते हैं कार्यकर्ता: रेवंत

एग्जिट पोल से उत्साहित तेलंगाना के कांग्रेस अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य में तीन दिसंबर को सामंती शासन खत्म हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जश्न मनाना शुरू करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) 2018 की तरह मीडिया के सामने नहीं आए। इससे साफ है कि उन्होंने हार स्वीकार कर ली है। वह गुरुवार को मतदान के बाद कामारेड्डी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।