यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Election 2023: राजस्थान के कृषि मंत्री की शैक्षणिक योग्यता को लेकर मचा बवाल! चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज
Rajasthan Election 2023 राजस्थान के कृषिमंत्री लालचंद कटारिया का अपनी पढ़ाई को लेकर झूठा शपथ पत्र देने का मामला सामने आया है। कटारिया ने साल 2003 के व ...और पढ़ें

HighLights
- कटारिया पर चुनावों में शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग बताने का आरोप
- कॉलेज ने कहा, कटारिया के छात्र होने का कोई रिकॉर्ड नहीं
- जहां से 10वीं-12वीं कक्षा पास बताया, वहां से कहा गया-कोई रिकॉर्ड नहीं है
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के कृषिमंत्री लालचंद कटारिया का अपनी पढ़ाई को लेकर झूठा शपथ पत्र देने का मामला सामने आया है। कटारिया ने साल 2003 के विधानसभा चुनाव में आमेर विधानसभा क्षेत्र से भरे नामांकन पत्र में खुद को उत्तर प्रदेश में रायबरेली के इंटरकॉलेज से 12वीं कक्षा पास बताया था। जबकि, साल 2008 के विधानसभा चुनाव में झोटवाड़ा सीट से भरे नामांकन पत्र में उन्होंने खुद को 10वीं कक्षा पास बताया था।
लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपना अलग ब्यौरा दिया था। रायबरेली के जिस कॉलेज से कटारिया ने शिक्षा ग्रहण करना बताया है, उस कॉलेज ने लालचंद कटारिया नाम के किसी छात्र के अपने यहां पढ़ने से ही इनकार किया है। कॉलेज के कटारिया को छात्र मानने से इनकार करने के बाद उनकी शिक्षा सवालों के घेरे में आ गई है।
चुनावों में शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग बताने का आरोप
लालचंद कटारिया ने 2003 में खुद को रायबरेली के श्रीनर्मदेश्वर इंटरकॉलेज से 1990 में 12वीं कक्षा पास (इंटरमीडिएट) बताया था। कटारिया ने 2008 में खुद की शैक्षणिक योग्यता श्रीनर्मदेश्वर इंटर कॉलेज से 1996 में 10वीं(हाईस्कूल) पास बताई। इसके बाद 2009 में जयपुर ग्रामीण से लोकसभा चुनाव लड़ते समय कटारिया ने खुद की शैक्षणिक योग्यता 10वीं बताई। 2018 में झोटवाड़ा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा तो 12वीं कक्षा पास लिखा। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक चुनाव में प्रत्याशी को शपथपत्र में अपनी शैक्षणिक योग्यता का हवाला देना होता है।
कॉलेज ने कहा, कटारिया के छात्र होने का कोई रिकॉर्ड नहीं
श्रीनर्मदेश्वर कॉलेज प्रशासन ने लिखिज जवाब में कटारिया के संस्थान का छात्र होने से इनकार कर दिया है। कॉलेज के प्राचार्य ने जवाब में लिखा, कटारिया ने श्रीनर्मदेश्वर इंटरकॉलेज से इंटरमीडिएट परीक्षा पास नहीं की है। कटारिया का कोई रिकॉर्ड स्कूल में दर्ज नहीं है। अब यह मामला चुनाव आयोग तक पहुंच गया है। कुछ लोगों ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी शिकायत की है। इस बारे में कटारिया से बात करने का प्रयास किया गया। लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सके।